BREAKING: देर रात अफसरशाही में भूचाल, मुख्य सचिव से छीने सारे विभाग, क्या मुख्यमंत्री हैं नाराज?

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 18 Sep 2025, 10:43 pm
news-banner

उत्तर प्रदेश की अफसरशाही से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री की नाराजगी देखने को मिली है। उन्होंने मुख्य सचिव समेत कई अधिकारियों के विभाग छीन लिए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्या मुख्य सचिव एसपी गोयल से नाराज है? ये बड़ा सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि गोयल से सारे विभाग छीन लिए गए हैं। उन्हें आईआईडीसी (इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर) पद से भी हटा दिया गया है। यही ऐसा विभाग है, जिससे सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व मिलता है। इसकी जिम्मेदारी अब कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार को दी गई है। अब तक के इतिहास में आईडीसी की जिम्मेदारी ज्यादातर मुख्य सचिव के पास रही है, लेकिन अब इस बदलाव से मुख्यमंत्री की नाराजगी के संकेत मिल रहे हैं। गुरुवार देर रात जारी आदेश में 14 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।


ये है पूरी लिस्ट



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर प्रशासनिक ढांचे को नई सूरत दी है। इस बदलाव का सबसे बड़ा असर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल पर पड़ा है। उनके पास से सभी विभाग हटा लिए गए हैं। इसके साथ ही कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार का कद काफी बढ़ाया गया है। उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) बनाया गया है और साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों का प्रभार भी सौंपा गया है।


दीपक कुमार के पास कई अहम विभाग जो मुख्य सचिव के पास भी नहीं थे

दीपक कुमार को कृषि उत्पादन आयुक्त व अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, अध्यक्ष पिकप, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा, नागरिक उड्डयन एवं समन्वय विभाग और परियोजना निदेशक यूपीडास्प की जिम्मेदारी दी गई है। अब उनके पास कई ऐसे अहम विभाग होंगे, जो अब तक मुख्य सचिव गोयल के पास थे। वहीं, माध्यमिक और बेसिक शिक्षा की जिम्मेदारी दीपक कुमार से लेकर पार्थसारथी सेन शर्मा को सौंपी गई है।


पार्थसारथी सेन बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा तो अमित घोष देखेंगे चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण

पार्थसारथी सेन शर्मा अब प्रमुख सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा होंगे। इसके पहले वे चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व चिकित्सा शिक्षा विभाग संभाल रहे थे। उनकी जगह अब अमित कुमार घोष को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग बनाया गया है। अमित घोष पहले सचिवालय प्रशासन, पशुपालन, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी देख रहे थे।


संस्कृति विभाग से हटे मुकेश मेश्राम, अब दुग्ध एवं मत्स्य विभाग 

इसी क्रम में अन्य महत्वपूर्ण फेरबदल भी हुए हैं। मुकेश कुमार मेश्राम को प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग से हटाकर पशुपालन, दुग्ध एवं मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अमृत अभिजात को नगर विकास विभाग और नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम से हटाकर पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग सौंपा गया है।


नागरिक उड्डयन विभाग से हटे संजय प्रसाद

संजय प्रसाद से नागरिक उड्डयन विभाग वापस ले लिया गया है, हालांकि अन्य विभाग उनके पास यथावत रहेंगे। अजय चौहान को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग के साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी उपशा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार तृतीय से कुछ विभागों का प्रभार वापस लेकर उन्हें "जीरो पावर्टी उत्तर प्रदेश अभियान" का नोडल अधिकारी बनाया गया है।


राजस्व विभाग से हटाकर पी. गुरुप्रसाद को आवास एवं नगरीय विकास का जिम्मा

पी. गुरुप्रसाद को प्रमुख सचिव राजस्व विभाग से मुक्त कर आवास, नगर विकास और नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मनीष चौहान को खेल एवं युवा कल्याण विभाग से हटाकर सचिवालय प्रशासन, पुनर्गठन समन्वय, भाषा, राष्ट्रीय एकीकरण एवं सामान्य प्रशासन विभाग और हिंदी संस्थान का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, रणवीर प्रसाद को खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले के साथ राजस्व विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।


भूपेंद्र एस. चौधरी बने बरेली के मंडलायुक्त

बदलाव सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं रहा। बरेली मंडल में भी महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। भूपेंद्र एस. चौधरी, जो अब तक खाद्य एवं रसद आयुक्त थे, उन्हें बरेली का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, अनामिका सिंह का हाल का बरेली मंडलायुक्त पदस्थापन निरस्त कर उन्हें आयुक्त खाद्य एवं रसद बना दिया गया है। अनामिका सिंह पूर्व में वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग में सचिव और उत्तर प्रदेश क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथॉरिटी की सीईओ रही हैं।

advertisement image