Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Dec 2025, 08:29 pm
नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए प्रदेश सरकार की ओर से बड़ा अवसर खुलने जा रहा है। यूपी में जल्द ही 826 ब्लॉक करियर काउंसलरों की भर्ती की जाएगी। राज्य के हर ब्लॉक में एक-एक करियर काउंसलर तैनात किया जाएगा, जिनकी भर्ती माध्यमिक शिक्षा विभाग संविदा के आधार पर करेगा। चयनित काउंसलरों को प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। विभाग की ओर से भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने की तैयारी है। इस पद के लिए एमए मनोविज्ञान या करियर काउंसिलिंग में डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
नियुक्त किए जाने वाले करियर काउंसलर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को करियर से संबंधित मार्गदर्शन देंगे। उनकी जिम्मेदारी केवल करियर सलाह तक सीमित नहीं होगी, बल्कि मानसिक तनाव झेल रहे छात्रों की मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग भी करना होगी। स्कूलों में शिक्षकों को प्रशिक्षित करने और ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों का निरीक्षण करने का दायित्व भी इन पर होगा। छात्रों को उनकी योग्यता, रुचि और व्यक्तित्व के अनुसार किन क्षेत्रों में आगे बढ़ना उपयुक्त होगा, इसकी विस्तृत जानकारी काउंसलर उपलब्ध कराएंगे।
देश और विदेश में उपलब्ध श्रेष्ठ पाठ्यक्रमों की जानकारी भी छात्रों को दी जाएगी, ताकि वे अपने भविष्य को लेकर सूचित और सही निर्णय ले सकें। वर्तमान समय में देखा जाता है कि पढ़ाई और करियर को लेकर छात्र कई बार तनावग्रस्त हो जाते हैं। स्कूल का बढ़ता दबाव और परिजनों की अपेक्षाएं उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित कर देती हैं। मार्गदर्शन के अभाव में कभी-कभी वे गलत दिशा में कदम भी बढ़ा लेते हैं। ऐसे में पेशेवर काउंसिलिंग की आवश्यकता होती है, जिसे आम शिक्षक करने में सक्षम नहीं होते। इसलिए सरकार ने प्रत्येक ब्लॉक में करियर काउंसलर नियुक्त करने का निर्णय लिया है, ताकि छात्रों को समय पर और विशेषज्ञ स्तर की सलाह मिल सके।
हर सप्ताह स्कूलों में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें छात्र करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके साथ ही समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को भी बुलाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को व्यापक और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। यह पहल न केवल छात्रों के करियर निर्माण में सहायक होगी बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाएगी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर हालात हुए बेकाबू, आपस में भिड़े पैसेंजर्स, एक-दूसरे को गिरा-गिराकर पीटा