पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया मिसाइल अटैक, 7 की मौत तो 75 से अधिक घायल, 6 पाक सैनिकों की मौत के बाद जवाबी कार्रवाई

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 28 Apr 2026, 05:35 pm
news-banner

अफगानिस्तान के कुनार में हमले में 7 लोगों की मौत और 75 घायल, पाकिस्तान पर आरोपों के बीच बढ़ा तनाव।

अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए हमलों ने हालात को एक बार फिर तनावपूर्ण बना दिया है। राजधानी असदाबाद में रिहायशी इलाकों और यूनिवर्सिटी को निशाना बनाए जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 75 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में छात्र, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और अस्पतालों में घायलों की भीड़ देखी जा रही है।


पाकिस्तान पर लगाए गए आरोप, सरकार ने किया इनकार

तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने आरोप लगाया है कि ये हमले पाकिस्तान की ओर से किए गए हैं। उनके मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे मोर्टार और रॉकेट से हमला शुरू हुआ। हालांकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय का कहना है कि रिहायशी इलाकों या यूनिवर्सिटी को निशाना बनाने की खबरें पूरी तरह गलत हैं। दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से तनाव और बढ़ गया है।


सीमा पर झड़प, सैनिकों की मौत का दावा

इससे पहले कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में भी सीमा पर फायरिंग की घटना सामने आई थी। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस झड़प में पाकिस्तान के 6 सैनिक मारे गए और एक को बंधक बना लिया गया। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि सीमा पार फायरिंग के बाद दोनों पक्षों में जवाबी कार्रवाई हुई, जिससे हालात और बिगड़ गए।


सीजफायर के बाद फिर बिगड़ते हालात

दोनों देशों के बीच मार्च में सीजफायर हुआ था, जिससे कुछ समय के लिए शांति बनी रही थी। लेकिन अब फिर हालात खराब होते नजर आ रहे हैं। कई देश इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए क्षेत्र में जंग जैसे हालात बनने की आशंका जताई जा रही है।


यह भी पढ़ें- ईरान को ट्रंप की धमकी, बोले- बहुत कम वक्त बचा है, 3 दिन में सीजफायर की शर्त नहीं मानी तो तेल पाइपलाइन ब्लास्ट हो जाएंगी

advertisement image