Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Mar 2026, 05:46 pm
आगरा के पिनाहट क्षेत्र के कुकथरी गांव में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब समाधिया कोल्ड स्टोरेज से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस फैलते ही गांव में तेज बदबू और जलन की शिकायत होने लगी। लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में तेज जलन महसूस होने लगी, जबकि कई बच्चों को उल्टियां भी शुरू हो गईं। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने तुरंत अनाउंसमेंट कराकर पूरे गांव को खाली करवाया। एंबुलेंस की मदद से 6 बच्चों समेत 27 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की जानकारी मिलते ही डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की।
गांव के लोगों को 2 किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के पास दो कोल्ड स्टोरेज स्थित हैं, जिनमें से समाधिया कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। गैस की तेज बदबू के कारण कुछ समय के लिए गांव के रास्तों से गुजरना भी मुश्किल हो गया था। हालात को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत गांव को खाली करवाने का फैसला लिया। अनाउंसमेंट कराकर सभी लोगों को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। गैस का असर होने से 6 बच्चों समेत कुल 27 लोगों की तबीयत खराब हो गई। इनमें कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाला मोहम्मद सलीम भी शामिल है, जो बरेली के नवाबगंज का रहने वाला बताया गया है। इसके अलावा कई बच्चों और महिलाओं को भी सांस लेने में दिक्कत और घबराहट की शिकायत हुई।
फायर ब्रिगेड और प्रशासन ने मिलकर संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। खूंटे से बंधे पशुओं को भी तुरंत खोलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया ताकि उन्हें नुकसान न हो। एंबुलेंस की मदद से सभी बीमार लोगों को पिनाहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि सभी मरीजों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी, लेकिन इलाज के बाद उनकी हालत अब सामान्य है। वहीं डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने तेजी से राहत कार्य करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सभी ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण, रिकॉर्ड समय में काम पूरा करने वाले श्रमिकों को किया सम्मानित, लाखों लोगों को मिलेगा फायदा