Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Apr 2026, 03:13 pm
आगरा के कलेक्ट्रेट स्थित डीसीपी सिटी कार्यालय के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने निर्वस्त्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगा। युवक का आरोप था कि पुलिस उसके मामले में सुनवाई नहीं कर रही है और गलत तरीके से रिपोर्ट दर्ज कर दी गई है। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक हंगामा चलता रहा।
गलत रिपोर्ट दर्ज होने का लगाया आरोप
जानकारी के अनुसार, शाहगंज निवासी युवक काफी समय से अपने मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। सोमवार को वह डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचा और आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी शिकायत में गड़बड़ी करते हुए रिपोर्ट किसी ‘किरन’ नाम से दर्ज कर दी, जबकि वह खुद पुरुष है। इसी बात से नाराज होकर युवक ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए अचानक कपड़े उतार दिए और कार्यालय के बाहर खड़ा हो गया। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने समझाया, पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की और उसे शांत रहने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। कुछ लोगों का कहना है कि युवक पहले भी इस तरह का कदम उठा चुका है और उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को शांत कराया और उसे कपड़े पहनाए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाने के बाद उसके बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि युवक की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और शिकायत निवारण प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।