Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Feb 2026, 05:08 pm
आगरा के खेरिया एयरफोर्स स्टेशन परिसर में 12 फरवरी को ‘Pakistan International Airline’ लिखा एक जहाजनुमा गुब्बारा मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। गुब्बारे की बनावट हवाई जहाज जैसी थी और उसमें करीब 10 मीटर लंबा धागा बंधा हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना शाहगंज में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गुब्बारा एयरफोर्स एरिया के आसपास के किसी इलाके से उड़ाया गया हो, हालांकि इसके पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
2000 से अधिक घरों की स्क्रीनिंग, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी
घटना के बाद पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के आसपास अर्जुन नगर, नरीपुरा, मलपुरा और वायु विहार समेत दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में 2000 से ज्यादा घरों की स्क्रीनिंग की तैयारी की है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस का मानना है कि गुब्बारे में हीलियम गैस भरी हो सकती है और यह कई किलोमीटर दूर से हवा के रुख के साथ यहां पहुंचा हो। जिस दिशा से हवा चल रही थी, उस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि गुब्बारा कहां से उड़ाया गया था।
आगरा में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की निगरानी बढ़ाई गई
इस मामले के बाद शहर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, आगरा में फिलहाल 54 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। इनमें से 43 लोग स्थायी वीजा पर हैं, जबकि 8 लोगों ने स्थायी वीजा के लिए आवेदन किया है, जिसकी स्वीकृति अभी नहीं मिली है। तीन पाकिस्तानी नागरिक दुबई के रास्ते आगरा पहुंचे हैं और दयालबाग में एक सत्संग में भाग लेने के लिए टूरिस्ट वीजा पर ठहरे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में दो बड़े हादसे, मथुरा-औरैया में नहर में गिरीं दो कार, मच गई चीख-पुकार, 7 की मौत से मचा मातम