'फ्री फायर' ऑनलाइन गेम खेलता था कारोबारी का किशोर बेटा, खाली हो गया पूरा अकाउंट, आप भी न करें ये छोटी सी गलती

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Feb 2026, 12:35 pm
news-banner

आगरा में एक किशोर ने ऑनलाइन गेम खेलते समय ऑटो पेमेंट मोड चालू कर दिया, जिससे पिता के खाते से 4.25 लाख रुपये कट गए। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

आगरा में एक परचून व्यापारी के बेटे द्वारा ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते परिवार के खाते से 4.25 लाख रुपये खर्च कर देने का मामला सामने आया है। रकम कटने की जानकारी तब हुई जब व्यापारी को बैंक खाते से लगातार बड़ी रकम निकलने का संदेह हुआ। जांच में पता चला कि किशोर ने मोबाइल गेम खेलते समय इन-ऐप खरीदारी के लिए ऑटो मोड चालू कर रखा था, जिससे पैसे अपने आप कटते रहे। इसके बाद पीड़ित पिता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पूरा मामला बरहन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।


तीन साल से खेल रहा था गेम, ऑटो मोड से कटती रही रकम
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले करीब तीन वर्षों से मोबाइल पर ‘फ्री फायर’ गेम खेल रहा था। फरवरी के पहले सप्ताह में खाते से रकम कटने का शक हुआ। बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच करीब 4.25 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग कंपनी के खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि गेम के दौरान बेहतर हथियार और फीचर्स लेने के लिए किशोर ने कई बार इन-ऐप विकल्प चुने और ऑटो पेमेंट मोड चालू हो गया। इसके बाद हर चयन पर रकम अपने आप कटती रही और परिवार को इसकी भनक भी नहीं लगी।


मैसेज डिलीट करता रहा बच्चा, जांच में जुटी साइबर पुलिस
पुलिस के अनुसार, गेम से जुड़े भुगतान के मैसेज आने के बाद किशोर उन्हें डिलीट कर देता था, जिससे परिजनों को जानकारी नहीं हो पाई। अब साइबर क्राइम टीम उन खातों की डिटेल जुटा रही है, जहां यह रकम ट्रांसफर हुई। अधिकारियों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों के मोबाइल उपयोग और ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने अपील की है कि छोटे बच्चों को ऐसे मोबाइल फोन न दिए जाएं जिनमें बैंकिंग या ऑनलाइन पेमेंट एप सक्रिय हों और गेमिंग के दौरान खर्च पर विशेष निगरानी रखी जाए।


यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बिजली विभाग के SDO रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

advertisement image