आगरा में बड़ा हादसा, यमुना में नहाने गए 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत, परिवार में छाया मातम

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 12 May 2026, 02:30 pm
news-banner

आगरा में बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चे डूब गए। हादसे में 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय एक बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

आगरा में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चे डूब गए। हादसे में 3 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की तलाश अभी भी जारी है। घटना कमला नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर और राहत टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


जन्मदिन समारोह के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार एत्माद्दौला के विद्यापुरम निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था। इस मौके पर रिश्तेदारी से कई बच्चे घर आए हुए थे। दोपहर में सभी बच्चे घूमने के लिए बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी पहुंचे और नहाने लगे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बच्चों को बचाने का प्रयास शुरू किया।


तीन बच्चों की इलाज के दौरान मौत

डूबने वालों में महक (19), अंशु (20), कान्हा (22) निवासी कुंजनपुर थाना सादाबाद जिला हाथरस, रिया (17) निवासी तारसी थाना हाईवे मथुरा, काजल (17) निवासी विद्यापुरम एत्माद्दौला और 11 वर्षीय विक्की शामिल थे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से महक, रिया, कान्हा, काजल और अंशु को नदी से बाहर निकाल लिया गया। इनमें अंशु और काजल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जबकि महक, कान्हा और रिया को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।


11 वर्षीय विक्की की तलाश जारी

हादसे के बाद से 11 वर्षीय विक्की लापता है। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों और राहत टीम द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। थाना कमला नगर पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।


यह भी पढ़ें- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, 2 की मौत, 11 घायल

advertisement image