ED और CBI को पालतू तोते की तरह इस्तेमाल कर रही केंद्र सरकार, जहां चुनाव होते हैं, वहां तोते उड़ने लगते हैं: अजय राय

Curated By: shivnowup | Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Jan 2026, 05:42 pm
news-banner

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कोलकाता में I-PAC ऑफिस पर ED छापेमारी को लेकर भाजपा पर हमला बोला। लखनऊ में उन्होंने ED-CBI के दुरुपयोग और भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज की अनदेखी का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कोलकाता में I-PAC ऑफिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी और पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि केंद्र सरकार ने ED और CBI को पालतू तोते की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। जहां-जहां चुनाव होते हैं, वहां पिंजरा खोलकर यह तोता उड़ा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने और विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है।


ED और CBI को चुनावी हथियार बना रही भाजपा: अजय राय
अजय राय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर ED और CBI काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब भी किसी राज्य में चुनाव नजदीक आते हैं, वहां विपक्षी दलों के खिलाफ छापेमारी शुरू कर दी जाती है। कोलकाता में I-PAC ऑफिस पर ED की कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने वहां मजबूती से दबाव बनाया है और ऐसे समय में वहां अपने लोगों के साथ खड़ा होना बिल्कुल सही कदम है। अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और इससे देश की राजनीति में गलत संदेश जा रहा है।


भाजपा सरकार में ब्राह्मण समाज को निशाना बनाने का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा सरकार पर ब्राह्मण समाज के लोगों के फर्जी एनकाउंटर कराए जाने का गंभीर आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि बीते करीब दस वर्षों में प्रदेश में 1700 से अधिक ब्राह्मणों की हत्याएं हुई हैं। अजय राय यह बयान बृहस्पतिवार, 8 जनवरी को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और खास वर्गों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।


ब्राह्मण समाज की अनदेखी का आरोप, कांग्रेस का ऐतिहासिक योगदान गिनाया
लखनऊ के ठाकुरगंज घास मंडी चौराहे पर स्थित बाबा गोमती दास स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार ब्राह्मण समाज की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में ब्राह्मण समाज के लोगों को मुख्यमंत्री तक बनाया गया, जबकि भाजपा केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ चुनाव के समय समाज को याद करती है और सत्ता में आने के बाद उसके मुद्दों को नजरअंदाज कर देती है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।


यह भी पढ़ें- हिमाचल में भीषण बस हादसा, खाई में गिरी बस, लाशों का लगा ढेर, पूरा मामला जान हिल जाऐंगे आप

advertisement image