अखिलेश यादव के छोटे भाई व अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 13 May 2026, 10:30 am
news-banner

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। वे लंबे समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और पूरे यादव परिवार में शोक का माहौल है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक को सुबह करीब 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई। अस्पताल के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। जानकारी के मुताबिक, प्रतीक पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव उस समय असम में थीं और खबर मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। फिलहाल मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।


फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक यादव

सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन हो चुकी थी और दिल भी काम नहीं कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद हालत में थोड़ा सुधार हुआ, लेकिन कुछ दिनों बाद वे घर लौट आए थे। डॉक्टरों के मुताबिक, वे पल्मोनरी एम्बोलिज्म नाम की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे शरीर में रक्त प्रवाह अचानक रुक सकता है। शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में कराया जा रहा है। अस्पताल के बाहर परिवार के करीबी और समर्थक लगातार पहुंच रहे हैं।


राजनीति से दूरी बनाकर कारोबार में बनाई अलग पहचान

प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से दूर रहते थे और अपना कारोबार संभालते थे। लखनऊ में उनका फिटनेस और रियल एस्टेट का काम था। वे ‘द फिटनेस प्लैनेट’ नाम से जिम भी चलाते थे। परिवारिक जीवन को लेकर भी वे कई बार चर्चा में रहे। करीब 14 साल पहले उन्होंने अपर्णा यादव से प्रेम विवाह किया था और दोनों की दो बेटियां हैं। कुछ महीने पहले दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी। अब उनके अचानक निधन से परिवार के साथ-साथ करीबी लोगों को भी बड़ा झटका लगा है।

advertisement image