Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Oct 2025, 12:55 pm
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फेसबुक पेज करीब 16 घंटे के इंतजार के बाद फिर से एक्टिव हो गया है। मेटा ने 10 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे उनका पेज बंद कर दिया था। इससे सपा समर्थकों में नाराजगी फैल गई थी। पेज बहाल होने के बाद अखिलेश यादव ने अपनी पहली पोस्ट में लोकनायक जयप्रकाश नारायण को उनकी जयंती पर याद किया और लिखा, “संपूर्ण क्रांति से मेरा तात्पर्य समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले व्यक्ति को सत्ता के शिखर पर देखना है।” फिलहाल सपा ने फेसबुक पेज बंद होने को भाजपा की साजिश बताया है। पार्टी का कहना है कि सत्ता पक्ष इस तरह के हल्के राजनीति लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है।
अखिलेश यादव ने बताया कि उनका फेसबुक अकाउंट मेटा ने “एडल्ट सेक्सुएल हैरेसमेंट” संबंधी आपत्तियों के चलते निलंबित किया था। उन्होंने कहा कि मुझे रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ पोस्ट्स में बलिया की एक महिला से जुड़ी घटना और एक पत्रकार की हत्या की जानकारी थी, लेकिन इन पोस्टों में गलत क्या था? हम केवल सच दिखा रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से साफ है कि जैसे-जैसे सपा जमीन पर मजबूती से काम कर रही है, विरोधी ताकतें उतनी ही परेशान हो रही हैं। हम जनता के बीच रहकर ही संघर्ष करेंगे।
सपा स्पोकपर्सन बोले- पार्टी का एकाउंट बंद करना लोकतंत्र पर हमला
सपा प्रवक्ता दीपक रंजन ने कहा कि अखिलेश यादव का फेसबुक पेज बहाल होना स्वागतयोग्य है, लेकिन देश की तीसरे नंबर की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अकाउंट बंद करना लोकतंत्र पर गंभीर हमला है। उन्होंने कहा, “जनता की समस्याएं सोशल मीडिया पर उठाना अपराध नहीं है। भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी से इतनी डरी हुई है कि वह ऐसे तुच्छ हथकंडे अपनाने लगी है।
क्या है पूरा मामला, जिस पर छिड़ गई राजनीति
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अखिलेश यादव का फेसबुक पेज अचानक बंद कर दिया गया था। शुरुआत में इसे तकनीकी खामी माना गया, लेकिन मेटा की ओर से कोई स्पष्ट जवाब न मिलने पर सपा नेताओं ने इसे जानबूझकर की गई कार्रवाई बताया। अखिलेश यादव ने बाद में मेटा से प्राप्त आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी पोस्टों को गलत तरीके से रिपोर्ट किया गया था। उन्होंने कहा कि सच्चाई को रोकने की कोशिशें चाहे जितनी हों, आवाज जनता की है और वह कभी दबाई नहीं जा सकती।
यह भी पढ़ें- पति बोला, रात में मेरी बीवी बन जाती है नागिन, डसने को दौड़ती है.. पूरा मामला जान हैरत में पड़ जाएंगे आप!