बरेली के निलंबित पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने बनाई नई पार्टी, चुनाव आयोग पहुंचकर पूरी की औपचारिकताएं, UGC की खिलाफत से चर्चा में आए

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Mar 2026, 09:10 pm
news-banner

अलंकार अग्निहोत्री ने ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा’ नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाई है। उन्होंने चुनाव आयोग में दस्तावेज जमा कर औपचारिकताएं पूरी कीं और समर्थकों से जुड़ने की अपील की। इसे देश में एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

बरेली के निलंबित पीसीएस (PCS) अधिकारी पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' (RAM) बनाई है। उन्होंने वृंदावन से इस पार्टी का ऐलान किया था और आज दिल्ली में अपनी पार्टी के गठन की औपचारिकताएं पूरी कर ली है। इसके लिए वे दिल्ली के अशोक मार्ग स्थित भारत निर्वाचन आयोग पहुंचे और जरूरी दस्तावेज जमा कराए। उनके साथ 10 से अधिक सहयोगी भी मौजूद रहे। पार्टी गठन को लेकर अग्निहोत्री ने इसे एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश किया और कहा कि यह संगठन समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करेगा। भगवान राम और कृष्ण के आदर्शों पर आधारित होगी। इस पार्टी का उद्देश्य मुख्य रूप से सनातनी समाज के अधिकारों के लिए लड़ना और जनतंत्र को मजबूत करना है। इस दौरान उन्होंने समर्थकों का आभार जताते हुए लोगों से जुड़ने की अपील भी की।  


चुनाव आयोग में जमा किए गए दस्तावेज, नई शुरुआत का दावा
अलंकार अग्निहोत्री ने चुनाव आयोग में पार्टी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं, जिससे पार्टी के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि यह कदम देश की राजनीति में एक नया विकल्प देने की दिशा में उठाया गया है। उनके मुताबिक, मौजूदा व्यवस्था से अलग सोच और नई नीतियों के साथ यह पार्टी आगे बढ़ेगी। अग्निहोत्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाना है, ताकि उनकी आवाज को मजबूती मिल सके और राजनीतिक स्तर पर उन्हें उचित प्रतिनिधित्व मिल पाए।


समर्थकों से जुड़ने की अपील, राजनीतिक विकल्प बनने की बात
इस मौके पर अग्निहोत्री ने अपने समर्थकों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए लोगों से पार्टी से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि लोग एकजुट होकर अपने लिए नया राजनीतिक विकल्प तैयार करें। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी समाज में समानता और अधिकारों के मुद्दों को प्राथमिकता देगी। अग्निहोत्री के इस कदम को आने वाले समय में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीति में एक नई पहल के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि इसके प्रभाव का आकलन पार्टी के औपचारिक पंजीकरण और आगे की रणनीति के बाद ही साफ हो पाएगा।


UGC के खिलाफ प्रदर्शन कर चर्चा में आए अलंकार अग्निहोत्री, शासन ने किया सस्पेंड

बरेली में यूजीसी के फैसले के विरोध में प्रदर्शन के बाद अलंकार अग्निहोत्री चर्चा में आए थे। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर रहते हुए यह प्रदर्शन किया था। उन्होंने UGC रोल बैक के पोस्टर भी दिखाए थे। इस दौरान उनकी फोटो भी वायरल हुई थी। जिसके बाद योगी सरकार ने उनके खिलाफ एक्शन लेते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया था। तभी उन्होंने वृंदावन जाकर भगवान श्री कृष्ण की धरती से नई पार्टी बनाने का एलान किया था और उन्होंने कहा था कि हमारी पार्टी भगवान श्री राम और कृष्ण के आदर्शों पर काम करेगी। अब उन्होंने पार्टी भी बना ली है।

advertisement image