Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 07 Jun 2025, 12:21 pm
देश के उत्तरी हिस्सों में एक बार फिर तेजी से गर्मी बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में आने वाले दो दिनों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है और लू चलने के आसार हैं। इससे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है और लोगों को लू लगने की शिकायतें भी आ सकती हैं। पिछले साल देश में लू लगने से 3000 से अधिक लोगों की मौत की सूचना मिली थी। इसके अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय और अरुणाचल में भारी बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट है। यानी कहीं उच्च तापमान के साथ लू चलने तो कहीं आंधी-बारिश के साथ तबाही का मंजर देखने को मिल सकता है।
राजस्थान के बीकानेर संभाग में 8 से 10 जून के बीच तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं कुछ इलाकों में लू का असर भी देखने को मिलेगा। इसके साथ ही यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। दूसरी ओर 24 मई को केरल में दस्तक देने वाला मानसून अब तक महाराष्ट्र के विदर्भ, दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा और सिक्किम तक ही सीमित है। बिहार में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां चल रही हैं, जबकि बंगाल और बिहार में मानसून 10 जून तक पहुंचने की संभावना है। मध्य प्रदेश को मानसून के लिए 15 जून तक का इंतजार करना पड़ सकता है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार आया है, जहां कई नदियों का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे है। हालांकि चांगलांग जिला अभी भी बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 6 गांव पूरी तरह डूब गए हैं और करीब 2231 लोग बेघर हो गए हैं।
आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 7 दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है, जिसमें आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। आगामी दो दिनों की मौसम की स्थिति पर नजर डालें तो 8 जून को राजस्थान में लू और धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश और आंधी का खतरा बना हुआ है, जबकि बाकी राज्यों के लिए कोई चेतावनी नहीं है। 9 जून को राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में हीटवेव का अलर्ट है और इन क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है। इसके अलावा असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- विराट कोहली के खिलाफ कौन गया पुलिस स्टेशन? शिकायत दर्ज