Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Dec 2025, 01:51 pm
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में घुसपैठ बेलगाम हो चुकी है और राज्य सरकार इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। शाह ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि “परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार चुनावी फायदे के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है, जो सिर्फ बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
घुसपैठ और सुरक्षा को लेकर ममता सरकार पर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि टीएमसी के 15 साल के शासन में आम लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कौन-सी सरकार है जो बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन देने से इनकार कर रही है। शाह ने कहा कि जब घुसपैठिए गांवों में घुसते हैं, तब उन पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार जानबूझकर घुसपैठियों को वापस नहीं भेज रही, क्योंकि वे उनके वोट बैंक का हिस्सा बन चुके हैं। शाह ने तुलना करते हुए कहा कि कश्मीर, असम और त्रिपुरा में घुसपैठ पर नियंत्रण है, लेकिन बंगाल में हालात बेकाबू हैं।
महिला सुरक्षा और हिंदुओं की स्थिति पर सवाल
अमित शाह ने बंगाल में महिला सुरक्षा को लेकर भी ममता सरकार को घेरा। उन्होंने संदेशखाली और आरजी कर अस्पताल रेप केस का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को उनका अधिकार और सुरक्षा देने में विफल रही है। हिंदुओं की स्थिति पर बोलते हुए शाह ने कहा कि अब सिर्फ मरहम लगाने से काम नहीं चलेगा, क्योंकि बंगाल के हिंदुओं के दिल पर गहरे घाव हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और ममता सरकार को हटाने का मन बना चुकी है।
विकास रुका, 2026 में बदलाव तय: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि टीएमसी शासन में बंगाल का विकास पूरी तरह ठप हो गया है। मोदी सरकार जहां देशभर में गरीबी उन्मूलन और विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है, वहीं बंगाल में केंद्र की योजनाएं “डेड एंड” पर पहुंच गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी करती है और मनमानी फैसले लेती है। अमित शाह ने दावा किया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड जीत के साथ सरकार बनाएगी और उसके बाद बंगाल में विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में चल रही कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी, बल्कि नई योजनाएं भी लागू की जाएंगी।
यह भी पढ़ें- उन्नाव रेप केस के दोषी बीजेपी के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को अब सुप्रीम को झटका, आया ये बड़ा फैसला!