Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 14 May 2026, 04:59 pm
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शिक्षक राव दानिश अली हत्याकांड के मुख्य आरोपी जुबैर को यूपी एसटीएफ ने मेरठ में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। बुधवार तड़के करीब 4 बजे हुई इस कार्रवाई के बाद अलीगढ़ में तनाव का माहौल बन गया। जुबैर की बहन मुबश्शिरा के सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है। बुधवार देर रात जब जुबैर का शव उसके गांव पहुंचा, तब परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच उसका जनाजा निकाला गया और दफनाया गया। इस दौरान सीमित संख्या में लोग मौजूद रहे। पुलिस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बहन के पोस्ट और वीडियो से बढ़ी पुलिस की चिंता
मेरठ मेडिकल कॉलेज में भाई का शव लेने पहुंची जुबैर की बहन मुबश्शिरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। पोस्ट में उसने लिखा कि “एक शेर गया है, अभी दो जिंदा हैं, देखना अभी कितने जनाजे उठेंगे।” यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। इसके अलावा उसने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि जुबैर को दिल्ली से उठाया गया और बाद में एनकाउंटर कर दिया गया। एक अन्य वीडियो में उसने अलीगढ़ के कुछ लोगों को परिवार की बर्बादी का जिम्मेदार ठहराया। इन बयानों के बाद पुलिस ने एहतियातन कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह का तनाव न फैले।
AMU टीचर हत्याकांड के बाद से फरार था जुबैर
24 दिसंबर 2025 को AMU के कंप्यूटर शिक्षक राव दानिश अली की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया था कि जुबैर को शक था कि दानिश ने उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दी थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची थी। जुबैर अलीगढ़ के नौशा गांव का रहने वाला था और लंबे समय से दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसने 2015 में अपराध की दुनिया में कदम रखा और बाद में कुख्यात मुनीर गैंग से जुड़ गया। उस पर हत्या, लूट और हथियार तस्करी समेत 24 मुकदमे दर्ज थे। एसटीएफ पिछले कई महीनों से उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस का दावा है कि जुबैर लगातार ठिकाने बदल रहा था और हाल ही में उसकी लोकेशन दिल्ली और जयपुर में भी मिली थी। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें- हापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, BJP जिला मंत्री समेत 8 पर FIR