एसआईआर में लगे एक और शिक्षक के साथ अनहोनी, जो हुआ जानकर दंग रह जाएंगे आप!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Dec 2025, 07:32 pm
news-banner

यूपी के बरेली में एसआईआर कार्य में लगे एक और शिक्षक की मौत हो गई है। ब्रेन हेमरेज से उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है। आइए पूरा मामला जानते हैं।

बरेली में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्य में लगे एमबी इंटर कॉलेज के शिक्षक अजय अग्रवाल की सोमवार रात अचानक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक रात करीब दस बजे खाना खाने के बाद उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ और देखते ही देखते उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया। अजय अग्रवाल पिछले 30 वर्षों से व्यवसायिक शिक्षक के रूप में कॉलेज में कार्यरत थे और इस बार एसआईआर में उनकी ड्यूटी सुपरवाइजर के रूप में सीबीगंज आईटीआई में लगाई गई थी। उनके साथ उसी विद्यालय के शिक्षक अनुज कुमार सिंह की भी ड्यूटी थी।


अजय के बेटे प्रखर ने बताया कि उनके पिता की उम्र 57 वर्ष थी और वह कीपैड वाला साधारण फोन ही इस्तेमाल करते थे। उन्हें एसआईआर की जटिल प्रक्रिया की पहले से कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्हें इस संबंध में कोई प्रशिक्षण दिया गया था। ऐसे में यह काम उनके लिए बेहद कठिन साबित हो रहा था। प्रखर के अनुसार उनके पिता कई दिनों से मानसिक तनाव में थे और कई बार यह जिम्मेदारी छोड़ने की इच्छा भी जताई, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। वे सुबह नौ बजे घर से निकल जाते और देर रात लौटते, जिससे शारीरिक और मानसिक थकान लगातार बढ़ती जा रही थी।


प्रखर ने बताया कि सोमवार रात खाना खाते समय भी उनके पिता एसआईआर के काम का जिक्र करते हुए चिंता जता रहे थे। उन्होंने कहा था कि लोगों को फोन कर-करके थक गए, लेकिन कोई फॉर्म भरने को तैयार नहीं है। यह तनाव उन्हें काफी परेशान कर रहा था। खाना खाने के बाद वह आराम करने चले गए, लेकिन कुछ देर बाद जब परिवार वालों ने देखा तो वह बेसुध पड़े थे। तुरंत उन्हें न्यूरोलॉजिस्ट के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की। इसके बाद दूसरे अस्पताल ले जाते समय उनका निधन हो गया।


परिवार के अनुसार अजय अग्रवाल को पहले कभी स्वास्थ्य से जुड़ी ऐसी गंभीर समस्या नहीं हुई थी, जिससे उनकी अचानक मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।


यह भी पढ़ें- 'SIR पर तत्परता से काम करें कार्यकर्ता, किसी का वोट न कटने पाए' मैनपुरी में बोले प्रो. रामगोपाल

advertisement image