Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 16 May 2026, 10:45 am
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। रेलपार इलाके में उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। भीड़ ने चौकी में तोड़फोड़ करने के साथ पथराव भी किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस और आम लोगों के कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पथराव और झड़प में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
दिन में हुई थी बातचीत, शाम को बिगड़े हालात
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार के निर्देश के बाद प्रशासन ने आसनसोल के कई इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज सीमित रखने के निर्देश दिए थे। इसी मुद्दे को लेकर दिन में रेलपार इलाके में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी। हालांकि शाम होते-होते मामला अचानक तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात नियंत्रण से बाहर होते देख बल प्रयोग करना पड़ा।
इलाके में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी है। पुलिस के डिप्टी कमिश्नर वीजी सतीश पसुमार्थी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी होंगे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, गृह मंत्रालय रखेंगे अपने पास, बनेंगे 2 डिप्टी सीएम, शाम 5 बजे होगा एलान