Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Apr 2026, 01:45 pm
मुंबई। भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने मुंबई के Breach Candy Hospital में अंतिम सांस ली। शनिवार शाम उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, कई अंगों के काम करना बंद हो जाने के कारण उनका निधन हुआ। उनके बेटे आनंद भोसले ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है और संगीत प्रेमी उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं।
12 हजार से ज्यादा गानों से बनाई पहचान
आशा भोसले ने अपने लंबे करियर में 12 हजार से ज्यादा गाने गाए और संगीत की दुनिया में एक अलग मुकाम हासिल किया। “दम मारो दम”, “पिया तू अब तो आजा” और “चुरा लिया है तुमने” जैसे उनके गीत आज भी लोगों की जुबान पर हैं। उन्होंने 14 से अधिक भाषाओं में गाने गाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। वह मशहूर गायक दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। कम उम्र में ही पिता के निधन के बाद उन्होंने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और संगीत को अपना सहारा बनाया।
निजी जीवन में भी रहीं उतार-चढ़ाव
आशा भोसले का निजी जीवन भी काफी संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने 16 साल की उम्र में परिवार के खिलाफ जाकर शादी की, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। बाद में वह अपने बच्चों के साथ वापस परिवार के पास आ गईं। इसके बाद धीरे-धीरे उनका करियर भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचता गया। उन्होंने संगीतकार आर डी बर्मन के साथ दूसरी शादी की, जिनके साथ उनकी जोड़ी संगीत जगत में काफी मशहूर रही।
संघर्षों के बीच बनीं संगीत की पहचान
एक समय ऐसा भी था जब उनकी आवाज को खारिज कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने खुद को साबित किया और संगीत जगत की सबसे बड़ी हस्तियों में शामिल हो गईं। 50 से 90 के दशक तक उन्होंने कई बड़े संगीतकारों के साथ काम किया और अनगिनत हिट गाने दिए। आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार शाम 4 बजे Shivaji Park में किया जाएगा। उनके घर पर सुबह 11 बजे से अंतिम दर्शन के लिए लोगों को आने की अनुमति दी जाएगी। उनके जाने से संगीत की दुनिया को अपूरणीय क्षति हुई है।