Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Apr 2026, 08:40 am
मुंबई में आज शाम 4 बजे महान गायिका आशा भोसले का अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनका रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं। शनिवार रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उनका निधन हो गया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।
अपने 82 साल लंबे गायन करियर में आशा भोसले ने 9 फिल्मफेयर पुरस्कार समेत 100 से अधिक सम्मान हासिल किए। उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया था। उनकी लोकप्रियता सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि दुनियाभर में उनकी आवाज को सराहा गया। इसी वजह से उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है।
दीनानाथ मंगेशकर की बेटी, लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं आशा भोसले
आशा भोसले, प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। उन्होंने बेहद कम उम्र में ही गायन की शुरुआत कर दी थी। 10 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला गाना गाया और आगे चलकर 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गीत गाए। उनके गाए गीत जैसे ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘चुरा लिया है तुमने’ आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
पीएम मोदी, शाहरुख शान से लेकर तमाम बड़ी हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
आशा भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेता शाहरुख खान और हेमा मालिनी समेत कई हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नरेंद्र मोदी ने कहा कि आशा भोसले की आवाज ने दशकों तक भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी। वहीं शाहरुख खान ने उन्हें भारतीय सिनेमा की अमर आवाज बताते हुए श्रद्धांजलि दी।