बिहार में एनडीए प्रत्याशी पर हमला, चले ईंट-पत्थर, अस्पताल में भर्ती, जानें पूरा मामला

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Nov 2025, 07:01 pm
news-banner

बिहार की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एनडीए प्रत्याशी ज्योति मांझी पर हमला हुआ है। वह जीतनराम मांझी की समधन हैं। इस हमले में वह घायल हो गई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आइये पूरा मामला जानते हैं।

गया जिले की बाराचट्टी विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) पार्टी की विधायक ज्योति मांझी पर मंगलवार को ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। इस हमले में ज्योति मांझी के सीने में गंभीर चोट आई है। उन्हें पहले 12 चक्की अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।


घटना सुलबट्टा मोड़ के पास हुई, जब ज्योति मांझी चुनाव प्रचार के बाद भलुआ की ओर 10 गाड़ियों के काफिले के साथ लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। एक ईंट सीधे उनके सीने पर लगी, जिससे वे घायल हो गईं। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।


कौन हैं ज्योति मांझी, क्या है राजनीतिक इतिहास?

ज्योति मांझी केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन हैं और 2020 में हम पार्टी से बाराचट्टी से विधायक बनीं। हालांकि वे इससे पहले भी सक्रिय राजनीति में थीं। 2010 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर उन्हें पहली बार चुनाव लड़ने के लिए कहा था और वे उसी वर्ष विधायक बनीं। 2015 में मांझी और नीतीश के अलग होने के बाद उन्हें टिकट नहीं मिला था, लेकिन 2020 में वे फिर विधानसभा पहुंचीं।


एक हफ्ते पहले एक और हम प्रत्याशी पर हुआ था हमला

यह हम पार्टी के प्रत्याशी पर एक सप्ताह में दूसरा हमला है। इससे पहले टिकारी विधानसभा से हम उम्मीदवार डॉ. अनिल सिंह पर ग्रामीणों ने हमला किया था, जिसमें उनका हाथ टूट गया था। वे सड़क निर्माण से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और विवाद हिंसक हो गया। अब ज्योति मांझी पर हुए हमले के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि ये घटनाएं राजनीतिक साजिश के तहत हो रही हैं। हम पार्टी के समर्थक आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।


यह भी पढ़ें- 'सरकार वोट चोर है, इसे देश से बाहर खदेड़ो', बिहार में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका गांधी

advertisement image