Curated By:
shivnowup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 Jan 2026, 12:59 pm
यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को राजधानी लखनऊ से अवध क्षेत्र की यात्रा करते हुए रामनगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचते ही उनका स्वागत पूरी तरह सियासी संदेशों से भरा नजर आया। सपा से निष्कासित गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का ऐसा स्वागत किया, जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। जुबेर गंज बाजार के पास हाईवे के दोनों ओर 12 से अधिक बुलडोजर कतारबद्ध खड़े किए गए। जैसे ही पंकज चौधरी वहां पहुंचे, बुलडोजरों से उन पर पुष्पवर्षा की गई। अलग-अलग बुलडोजरों पर खड़े कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर जुट गए।
बुलडोजर स्वागत ने खींचा सबका ध्यान
अभय सिंह द्वारा किए गए इस स्वागत को सियासी नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की राजनीति में सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में बुलडोजरों से पुष्पवर्षा का संदेश साफ था कि भाजपा नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े होने का संकेत दिया जा रहा है। हाईवे पर बुलडोजरों की कतार और फूलों की बारिश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। समर्थकों का कहना है कि यह स्वागत कार्यकर्ताओं के उत्साह और भाजपा की बढ़ती ताकत को दिखाता है।
अयोध्या से 2027 चुनाव का शंखनाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अयोध्या पहुंचकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान का औपचारिक शंखनाद कर दिया। जिले की सीमा पर उनका पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। अयोध्या जैसे धार्मिक और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थल से चुनावी अभियान की शुरुआत को भाजपा की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का संदेश
कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वह खुद को पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता मानते हैं। उन्होंने कहा, “मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को देश के सबसे बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई, इसके लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता से मिले प्यार और सम्मान का कर्ज वह 2027 के विधानसभा चुनाव में उतारेंगे। पंकज चौधरी ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों और नारों के साथ समर्थन जताया।
यह भी पढ़ें- भगवान राम समाजवादी थे, उन्होंने अपने जीवनकाल में PDA समाज से ही मदद ली, सपा सांसद का बयान वायरल