Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Feb 2026, 04:33 pm
बागपत। शादी-ब्याह के मौसम में अक्सर सड़क हादसों की खबरें सामने आती रहती हैं, लेकिन बागपत जिले के दोघट कस्बे के एक युवक ने इस समस्या से निपटने के लिए एक अनोखी और सराहनीय पहल की है। युवक ने अपनी और अपनी बहन की शादी के कार्ड पर बैंक अकाउंट का क्यूआर कोड छपवाकर लोगों को डिजिटल माध्यम से शगुन भेजने की सुविधा दी है। इसके जरिए दूर-दराज के रिश्तेदारों को सफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे ऑनलाइन ही अपनी शुभकामनाएं और शगुन भेज सकेंगे। यह अनोखा शादी कार्ड अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे रोकने के लिए अपनाया डिजिटल तरीका
दोघट कस्बे के रहने वाले आकाश बाल्मीकि ने अपनी बहन आकांक्षा और अपनी शादी को खास बनाने के साथ समाज को एक नया संदेश देने की कोशिश की है। 7 फरवरी को बहन की शादी और 8 फरवरी को अपनी शादी के लिए छपवाए गए कार्ड में उन्होंने बैंक अकाउंट का क्यूआर कोड शामिल किया है। इस कोड को स्कैन कर रिश्तेदार कन्यादान और मुंह दिखाई का शगुन सीधे ऑनलाइन भेज सकते हैं। दूर शहरों में रहने वाले रिश्तेदारों को व्हाट्सएप के जरिए डिजिटल कार्ड भेजा गया, जबकि आसपास के लोगों को कार्ड व्यक्तिगत रूप से दिए गए।
समय, पैसा और जोखिम तीनों की बचत
आकाश का कहना है कि शादी समारोह में कई बार लोग लंबी दूरी तय करते हैं और रास्ते में दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। ऐसे में डिजिटल माध्यम से शगुन भेजने का विकल्प लोगों को सुरक्षित रख सकता है। इससे लोगों का समय बचेगा, यात्रा का खर्च कम होगा और अनावश्यक जोखिम से भी बचा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अक्सर सुनने को मिलता है कि शादी में जाते समय लोग दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं, इसी सोच ने उन्हें यह नया तरीका अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नई सोच को मिल रहा लोगों का समर्थन
आकाश की यह पहल अब इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग इसे डिजिटल इंडिया और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़कर देख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस तरह के डिजिटल निमंत्रण और शगुन की व्यवस्था आम हो जाए तो भीड़भाड़ और यात्रा से जुड़े जोखिम भी कम हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर भी इस अनोखे कार्ड को काफी सराहना मिल रही है और लोग इसे आधुनिक दौर की समझदारी भरी पहल बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें- आगरा में एक साथ 40 घरों में लगे मकान बिकाऊ के पोस्टर, वजह जान शॉक्ड हो जाएंगे आप!