Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 11 May 2026, 02:37 pm
पश्चिम बंगाल के चर्चित शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक हत्याकांड में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का नाम सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले में बंगाल पुलिस ने बलिया निवासी राज सिंह को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी को अयोध्या से उस समय पकड़ा गया, जब वह लखनऊ में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बलिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के आनंद नगर मोहल्ले में हलचल बढ़ गई। स्थानीय लोग पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बंगाल पुलिस कई दिनों से राज सिंह की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी और उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही थी। रविवार रात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
आनंद नगर स्थित घर पर मिला ताला, इलाके में बढ़ी चर्चा
गिरफ्तारी के बाद सोमवार को राज सिंह के आनंद नगर स्थित घर पर ताला लटका मिला। आसपास के लोगों का कहना है कि परिवार के सदस्य कहीं और चले गए हैं। मोहल्ले में पूरे दिन सन्नाटा और दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात कई गाड़ियां मोहल्ले में पहुंची थीं। कुछ लोग सादे कपड़ों में आए और पूछताछ करने के बाद वापस लौट गए। हालांकि पड़ोसी खुलकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए। बताया जा रहा है कि राज सिंह खुद को समाजसेवी बताता था और वह वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है। उसकी गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उसका नाम इतने बड़े मामले में कैसे सामने आया।
पुराने मामलों को लेकर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि राज सिंह को कुछ राजनीतिक संरक्षण हासिल था। सूत्रों के मुताबिक कुछ साल पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अंडा दुकानदार को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। उस मामले में वह आरोपी बताया गया था। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। बंगाल पुलिस की कार्रवाई के बाद बलिया पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। स्थानीय पुलिस लगातार बंगाल पुलिस के संपर्क में बनी हुई है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल गिरफ्तारी के बाद पूरे जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड, चंद्रनाथ को सुपारी देकर मरवाने का दावा, हमलावरों की दूसरी बाइक बरामद, 13 साल में 3 करीबी खो चुके बीजेपी नेता