बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, गैस सिलिंडर से लदे ट्रक में जा घुसी स्कॉर्पियो, एक ही परिवार के चार की मौत

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 May 2026, 03:04 pm
news-banner

बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो और गैस सिलिंडर लदे ट्रक की टक्कर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है।

बांदा। बांदा जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गैस सिलिंडर लदे ट्रक से जा टकराई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायल युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।


आजमगढ़ से कबरई जा रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग आजमगढ़ जिले के रामगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। परिवार किसी काम से कबरई जा रहा था। इसी दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी स्कॉर्पियो पीछे से गैस सिलिंडर लदे डीसीएम ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


नींद की झपकी को माना जा रहा हादसे का कारण

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह स्कॉर्पियो चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो में एक पुरुष और चार महिलाएं सवार थीं। तीन लोगों की मौत मौके पर हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


यह  भी पढ़ें- लखनऊ में भीषण सड़क हादसा, डंपर ने चार वाहनों को रौंदा, युवक का पैर कटा , 2 की हालत गंभीर

advertisement image