Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Mar 2026, 02:54 pm
उत्तर प्रदेश के बरेली में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले ने बड़ा रूप ले लिया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने दो दरोगा समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने तुरंत सख्ती दिखाते हुए गोतस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया। बताया जा रहा है कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी गांव में पिछले दो दिनों से नाले में गोवंश के अवशेष मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा, जिसके चलते यह बड़ी कार्रवाई की गई।
लापरवाही पर गिरी गाज, 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्या ने जांच के आदेश दिए। जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए दो सब-इंस्पेक्टर और चार हेड कांस्टेबल समेत कुल सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने गोतस्करी पर रोक लगाने के लिए तीन विशेष टीमें भी गठित कीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि लगातार अवशेष मिलने के बावजूद पुलिस ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, जिससे स्थिति बिगड़ती गई।
मुठभेड़ में तीन तस्कर गिरफ्तार, एक सिपाही घायल
सस्पेंशन के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के गोतस्करों से मुठभेड़ की। चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में आरोपियों को अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
लगातार मिल रहे अवशेषों से बढ़ा था तनाव
इज्जतनगर क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक नाले में गोवंश के अवशेष मिलने से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। स्थानीय लोगों और संगठनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरे मामले के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में 70 साल का बुजुर्ग मौलाना ने मदरसे में किया कुकर्म, वीडियो में गंदी हरकत करते दिखा, पुलिस ने किया गिरफ्तार