Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Apr 2026, 05:10 pm
बिजनौर/लखनऊ। बिजनौर पुलिस की एक बड़ी लापरवाही अब सामने आई है, जिसमें पिछले साल क्लीनचिट दिए गए एक संदिग्ध के आतंकी कनेक्शन उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया है। लखनऊ में पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के तार मेरठ के आकिब खान से जुड़े हैं, जो दुबई में रह रहा है। इसी खुलासे के बाद बिजनौर पुलिस की पुरानी जांच पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी अभिषेक झा ने तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक को निलंबित कर दिया है, जबकि नजीबाबाद सीओ नितेश प्रताप सिंह को हटा दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
वीडियो में दिखी AK-47 को बताया गया था खिलौना
दरअसल, नवंबर 2025 में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें साउथ अफ्रीका में रहने वाला मैजुल इंस्टाग्राम कॉल पर चार लोगों से जुड़ा था। इस दौरान मेरठ निवासी आकिब खान ने कथित तौर पर AK-47 और हैंड ग्रेनेड दिखाए थे। वीडियो सामने आने के बाद नांगलसोती थाने में मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन जांच के दौरान तत्कालीन थानाध्यक्ष ने वीडियो कॉल पर आकिब से बात की। आकिब ने हथियारों को खिलौना और परफ्यूम की बोतल बताया, जिस पर पुलिस ने भरोसा कर लिया। इसके बाद मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर आकिब और मैजुल को क्लीनचिट दे दी गई, जो अब बड़ी चूक साबित हो रही है।
एटीएस जांच में सामने आया आतंकी कनेक्शन
हाल ही में एटीएस द्वारा लखनऊ में चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला पलट गया। गिरफ्तार आरोपियों में मेरठ का साकिब उर्फ डेविल भी शामिल है, जिसने पूछताछ में आकिब खान से संपर्क होने की बात कबूली। जांच में सामने आया कि आकिब दुबई में रहकर इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए युवाओं को जोड़ रहा था और पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क करवा रहा था। इस खुलासे के बाद बिजनौर पुलिस की जांच पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।