Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Jul 2025, 01:38 pm
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बिनावर थाना क्षेत्र स्थित विजयनगला गांव में मंगलवार रात भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और किसान यूनियन के नेता सुरेश चंद्र गुप्ता की हत्या कर दी गई है। वह रात में अपने बेटे की जगह गांव के ओवरहेड टैंक की रखवाली के लिए गए थे, लेकिन बुधवार सुबह उनका शव टैंक परिसर के गेट पर खून से लथपथ हालत में मिला। उनके सिर को ईंट से बुरी तरह कुचला गया था। इससे पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
परिजनों के मुताबिक सुरेश चंद्र गुप्ता के दो बेटे राहुल और निर्दोष हैं। राहुल गांव के ओवरहेड टैंक पर चौकीदार है। मंगलवार को वह किसी रिश्तेदार के घर गया हुआ था और अपने पिता से टैंक पर रखवाली करने को कहा था। रात को सुरेश गुप्ता खाना खाकर वहां सोने चले गए थे। परिजनों का कहना है कि रात में किसी ने उनके सिर पर ईंट से वार किया और धारदार हथियार से भी हमला किया। सुबह जब लोग टहलने निकले तो उन्होंने खून से सना शव देखा और तुरंत परिवार व पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने निरीक्षण किया और इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इनमें खून से सनी ईंट के टुकड़े भी शामिल हैं। हालांकि अब तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों और गांव वालों से पूछताछ की जा रही है, लेकिन किसी दुश्मनी या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। बिनावर थाने के इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि यह मामला हत्या का है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल मृतक के परिवार से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
सुरेश चंद्र गुप्ता की हत्या से गांव में दुख और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि वह समाजसेवी और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इस वारदात ने सभी को चौंका दिया है और लोग हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- भूकंप के तगड़े झटके, सुबह-सुबह आई सुनामी, मौसम विभाग का अलर्ट, हो जाएं सावधान!