Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 02 May 2026, 01:30 pm
दिल्ली के भाजपा नेता विनोद कुमार मिश्रा ने कानपुर में अपनी ससुराल के बाहर जहर खाकर जान दे दी। मौत से पहले उन्होंने करीब 9 मिनट का ऑडियो रिकॉर्ड कर परिवार, दोस्तों और पुलिस को भेजा। ऑडियो में उन्होंने ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना और परिवार तोड़ने का आरोप लगाया। घटना गुरुवार देर रात बर्रा इलाके की है। सूचना मिलते ही दोस्तों ने उनके चाचा को जानकारी दी। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विनोद मूल रूप से कन्नौज के रहने वाले थे और दिल्ली में नरैला भाजपा मंडल अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। वह एक्सिस बैंक में फील्ड ऑफिसर भी थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ऑडियो रिकॉर्डिंग को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पत्नी के मायके जाने को लेकर बढ़ता गया विवाद
परिवार के मुताबिक विनोद की शादी 16 साल पहले कानपुर निवासी आरती मिश्रा से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से पत्नी के मायके जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। करीब तीन महीने पहले विनोद पत्नी को समझाकर दिल्ली वापस ले गए थे, लेकिन 2 अप्रैल को आरती फिर कानपुर आ गईं और वापस नहीं लौटीं। विनोद कई बार उन्हें लेने आए, लेकिन ससुराल वालों ने मिलने नहीं दिया। उन्होंने बर्रा थाने में शिकायत भी की थी। ऑडियो में विनोद ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। उन्होंने कहा कि पत्नी की मां और अन्य रिश्तेदारों ने ऐसा माहौल बना दिया कि वह पूरी तरह टूट गए। विनोद ने अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार टूटने की चिंता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह परिवार से बेहद प्यार करते थे, लेकिन लगातार तनाव के कारण जीने की इच्छा खत्म हो गई थी।
अयोध्या दर्शन के बाद पहुंचे ससुराल, फिर उठाया खौफनाक कदम
परिजनों के अनुसार विनोद बुधवार को अपने दोस्त के साथ अयोध्या दर्शन करने गए थे। गुरुवार को लौटने के बाद वह पत्नी को प्रसाद देने और घर चलने के लिए मनाने ससुराल पहुंचे। वहां कहासुनी हुई, जिसके बाद उन्होंने बाहर निकलकर जहरीला पदार्थ खा लिया। मौत से पहले भेजे गए ऑडियो में उन्होंने कई लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि वह अपने बच्चों का साथ नहीं दे पाने का दुख लेकर जा रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ऑडियो रिकॉर्डिंग, परिवार के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बड़ी दुर्घटना, बरगी डैम में डूब गया क्रूज, मौत से मचा मातम, 9 लाशें मिलीं