बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं ने कर दिया कांड? कांग्रेस कार्यालय में घुसीं और फिर मचा बवाल!

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 01 Sep 2025, 04:16 pm
news-banner

यूपी के लखीमपुर खीरी में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में जमकर बवाल किया है। उन्होंने कार्यालय में तोड़फोड़ की है। आइये पूरा मामला जानते हैं।

लखीमपुर खीरी में सोमवार को भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस के जिला कार्यालय में घुसकर हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने जोरदार नारेबाजी की और कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और पूरी घटना को देखते रहे। दरअसल, यह विरोध प्रदर्शन बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर हुआ। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं में गुस्सा भड़क गया। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता शहीद नसीरुद्दीन मैदान में एकत्रित हुईं और वहां से कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच किया।


कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने गांधी परिवार और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने वहां लगी कुर्सियां तोड़ दीं। कार्यालय में टंगे गांधी परिवार के पोस्टर और तस्वीरें उतारकर फेंक दिए गए। यहां तक कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की तस्वीर भी दीवार से उतारकर नीचे गिरा दी गई, जिससे माहौल और गरमा गया। गुस्से में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर टमाटर फेंककर अपना आक्रोश जाहिर किया। पूरी घटना में कार्यालय का भारी नुकसान हुआ। इस बीच जो वीडियो सामने आए हैं, उनमें भाजपा का झंडा लिए महिलाएं कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ करती दिखाई दे रही हैं। सबसे गंभीर सवाल पुलिस की भूमिका को लेकर उठ रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी न तो प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और न ही तोड़फोड़ रोकने में कामयाब रहे। पुलिस के इस उदासीन रवैये से कांग्रेस समर्थकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि जब पुलिसकर्मी मौके पर थे तो उन्होंने तोड़फोड़ करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं की।


भाजपा महिला मोर्चा का कहना है कि यह विरोध कांग्रेस नेताओं की असंवेदनशीलता और अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अपनी हदों में रहें। एक सम्मानित पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इस तरह की भाषा बर्दास्त नहीं होगी। अगर आगे ऐसी कोई भी अभद्र टिप्पणी सामने आई तो उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे। इसलिए विपक्ष के नेता अपनी भाषा में सुधार कर लें।


यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने कह दी बड़ी बात, बोले- पिक्चर अभी बाकी..

advertisement image