यूपी में दर्दनाक हादसे से सहमा हर कोई, डेढ़ सौ फीट नीचे गिरी कार, मौत का मातम

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 16 Dec 2025, 03:59 pm
news-banner

यूपी के बागपत में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में यूपी पुलिस के एक हेड कॉन्सटेबल समेत दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हेड कॉन्सटेबल मेरठ में दबिश देकर लौट रहे थे। आइए खबर में पूरा हादसा जानते हैं।

बागपत जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्विफ्ट कार फिसलकर बालैनी पुल से हिंडन नदी में जा गिरी। इस हादसे में एक हेड कॉन्स्टेबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग मेरठ में दबिश देकर लौट रहे थे। हादसा मेरठ–बागपत–सोनीपत हाईवे पर बालैनी पुल के पास हुआ, जहां अंधेरा और सड़क की फिसलन दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंघावली अहीर थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल राहुल कुमार (35), निवासी बुलंदशहर, कॉन्स्टेबल कौशल शर्मा (30), निवासी अलीगढ़, और उनके साथ ग्राम बसौद निवासी अजरुद्दीन, गुड्डू और तैय्यब एक ही कार से मेरठ गए थे। दबिश के बाद सभी लोग स्विफ्ट कार से वापस लौट रहे थे। तड़के करीब चार बजे जब वे बालैनी पुल के पास पहुंचे, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से फिसलते हुए सीधे हिंडन नदी में जा गिरी।


हादसे के बाद कार नदी के एक किनारे पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में फंसी रह गई। कुछ समय बाद घायल गुड्डू को होश आया तो उसने अपने परिजनों और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बालैनी और सिंघावली अहीर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और नजदीकी नर्सिंग होम ले जाया गया।


अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हेड कॉन्स्टेबल राहुल कुमार और अजरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल कौशल शर्मा, गुड्डू और तैय्यब को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।


पुलिस के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो पुलिसकर्मी और तीन स्थानीय नागरिक शामिल थे। सभी मेरठ से लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नए और पुराने पुल के बीच सड़क पर अचानक कार अनियंत्रित हुई, जिससे यह भीषण हादसा हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


यह भी पढ़ें- यूपी में चार की जिंदगी लील गया दर्दनाक हादसा, एक का गायब हो गया आधा सिर, मौके का नजारा देख हिल गया हर कोई

advertisement image