Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 13 May 2026, 02:03 pm
सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल कुल 85.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। पिछले साल के मुकाबले रिजल्ट में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। बोर्ड ने इस बार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के जरिए कराई थी। छात्र अपना रिजल्ट CBSE Official Website समेत दूसरी आधिकारिक वेबसाइटों पर जाकर देख सकते हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि ऑनलाइन स्कोर कार्ड केवल जानकारी के लिए होगा और छात्रों को स्कूल से मूल मार्कशीट लेना जरूरी रहेगा। इंटरनेट या सर्वर की समस्या होने पर छात्र एसएमएस के जरिए भी अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होते ही देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
लड़कियों का प्रदर्शन बेहतर, टॉपर सूची जारी नहीं होगी
इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का परिणाम 82.23 प्रतिशत रहा। यानी लड़कियां लड़कों से 6.73 प्रतिशत आगे रहीं। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का परिणाम 100 प्रतिशत रहा है। बोर्ड ने पहले की तरह इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है और न ही किसी छात्र को टॉपर घोषित किया जाएगा। सीबीएसई ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी छात्र को स्कूल या जिले का टॉपर घोषित न करें। क्षेत्रवार नतीजों में त्रिवेंद्रम रीजन ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, जहां 95.62 प्रतिशत छात्र सफल हुए। दूसरी ओर प्रयागराज रीजन 72.43 प्रतिशत रिजल्ट के साथ सबसे नीचे रहा। पिछले साल भी प्रयागराज का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा था।
एसएमएस और डिजिलॉकर से भी देख सकते हैं रिजल्ट
जिन छात्रों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे मोबाइल से एसएमएस भेजकर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इसके लिए मैसेज बॉक्स में “CBSE 12वीं रिजल्ट 2026” लिखकर अपना रोल नंबर जोड़ना होगा और 7738299899 पर भेजना होगा। कुछ ही सेकंड में परिणाम मोबाइल पर मिल जाएगा। इसके अलावा डिजिलॉकर और उमंग ऐप के जरिए भी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। जिन छात्रों की अपार आईडी लिंक है, उनकी मार्कशीट सीधे डिजिलॉकर के “Issued Documents” सेक्शन में उपलब्ध होगी। बोर्ड के मुताबिक, परीक्षा पास करने के लिए हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। एक विषय में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का मौका मिलेगा, जबकि दो या उससे अधिक विषयों में असफल छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।
यह भी पढ़ें- BREAKING- NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक के चलते लिया गया फैसला, अब दोबारा होगा एग्जाम, CBI करेगी जांच, 20 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी परीक्षा