Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 04 Nov 2025, 01:57 pm
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मंगलवार को बिहार के दरभंगा में 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। लोहिया चौक से शुरू हुए इस रोड शो में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भगवा झंडों और फूलों से सजे रास्तों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। योगी जब खुली गाड़ी पर सवार होकर आगे बढ़े, तो उन पर बुलडोजर से फूल बरसाए गए। पूरे रोडशो में “योगी-मोदी जिंदाबाद” और “जय श्रीराम” के नारों की गूंज सुनाई पड़ी।
योगी आदित्यनाथ खुद भी हाथ में माइक लेकर बार-बार “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारे लगाते रहे। बताया जा रहा है कि 60 मिनट के इस रोड शो के दौरान उन्होंने लगभग 260 बार “जय श्रीराम” और करीब 70 बार “मां जानकी” के जयकारे लगाए। उनके साथ चल रहे बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक हर नारे का जवाब जोरदार आवाज में देते रहे। योगी जब “हर-हर” कहते, तो समर्थक “महादेव” बोलकर माहौल बना देते।
बुलेट की सवारी भगवाधारी लड़की रही चर्चा का केंद्र
रोड शो में एक युवती भी चर्चा का केंद्र बनी रही। वह भगवा कपड़ों में बुलेट बाइक पर सवार होकर हाथ में बीजेपी का झंडा लहराती नजर आई। घर की छतों से महिलाओं ने योगी की आरती उतारी, जबकि युवा “आप हमारे हीरो हैं” लिखे पोस्टर लिए नजर आए। इस दौरान युवाओं ने “योगी जिंदाबाद” के भी नारे लगाए। पूरा मिथिलांचल भगवा रंग में रंगा नजर आया।
योगी बोले एनडीए का मतलब विकास और तरक्की
जनता को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस बार फिर NDA की सरकार बनाइए। NDA मतलब विकास, NDA मतलब तरक्की। इस बार पहले से ज्यादा बहुमत से सरकार बननी चाहिए। उन्होंने दरभंगा की जनता का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारी भीड़ देखकर आभार जताया।
दरभंगा में 10 में से 9 सीटों पर बीजेपी का कब्जा
दरभंगा की 10 विधानसभा सीटों में से 9 पर फिलहाल NDA का कब्जा है। मिथिलांचल को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां संजय सरावगी पांच बार से लगातार विधायक हैं और पिछली बार वे आठ महीने के लिए भूराजस्व मंत्री भी रहे। हालांकि इस बार उनका मुकाबला कड़ा बताया जा रहा है।
जनसुराज पार्टी से पूर्व IG आरके मिश्रा उम्मीदवार
जनसुराज पार्टी ने साफ छवि वाले पूर्व IG आरके मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि द प्लूरल्स पार्टी की सुप्रीमो पुष्पम प्रिया भी इस सीट पर पूरी ताकत झोंक रही हैं। उधर सहनी समुदाय के वोटर्स भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस बार वीआईपी पार्टी के उमेश सहनी महागठबंधन से मैदान में हैं। यह सीट ब्राह्मण, मुस्लिम, कायस्थ और वैश्य बहुल है, जहां अब तक करीब 50% वोट एनडीए को मिलते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- टीईटी अनिवार्यता के विरोध में दिल्ली में बड़े आंदोलन का एलान, ये है पूरी प्लानिंग