Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 05 Nov 2025, 01:32 pm
लखनऊ में माफिया मुख्तार अंसारी की जब्त जमीन पर बने बहुमंजिला मकानों की चाबी बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 72 गरीब परिवारों को सौंपी है। यह जमीन कभी मुख्तार अंसारी के कब्जे में थी, जिसे खाली कराने के बाद गरीबों के लिए आवास तैयार किए गए हैं। चाबी मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक पड़ी। इस दौरान सोनू कनौजिया नाम के लाभार्थी ने मंच से शायरी पढ़ी। उसकी शायरी सुन मौके पर मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। उसकी शायरी सुन खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुस्कुराए और तालियां बजाईं।
योगी ने अपने संबोधन में सोनू की शायरी का जिक्र करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना की चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जब सोनू मंच पर आए और जिस अंदाज में शेर पढ़ा, मुझे लगा यह खन्ना जी को भी फेल कर देगा। उन्होंने कहा कि यह बताता है कि गरीब के मन में भी अपने घर का सपना होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही जमीन है, जिस पर कभी माफिया का कब्जा था, लेकिन अब यहां गरीबों के घर बने हैं। यह उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर है, जहां अपराधियों की संपत्तियों का उपयोग गरीबों के हित में किया जा रहा है।
सीएम बोले- मेरी इच्छा थी कि माफियाओं की खाली कराई जमीन पर गरीबों को घर मिलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी इच्छा थी कि जब माफियाओं से यह जमीन खाली कराई जाएगी, तो इस पर गरीबों के घर बनें। आज वह सपना साकार हुआ है। योगी ने सख्त लहजे में कहा कि यह घटना उन लोगों के लिए भी संदेश है, जो माफियाओं को संरक्षण देते हैं और उनकी कब्रों पर ‘फातिहा’ पढ़ने जाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ऐसा नहीं चलेगा। जो गरीबों, व्यापारियों या बेटियों की सुरक्षा के लिए खतरा बनेंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कैसे बने ये आवास
डालीबाग स्थित करीब 2,314 वर्गमीटर जमीन पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना के तहत गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बहुमंजिला भवन तैयार किए। यह वही जमीन है, जो पहले मुख्तार अंसारी के कब्जे में थी। 2020 में एलडीए ने इसे खाली कराया था। इसके बाद शासन से मंजूरी लेकर 2023 में आवास निर्माण शुरू किया गया। एलडीए ने 4 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आवेदन मांगे थे, जिसमें करीब 8,000 लोगों ने पंजीकरण कराया। 4 नवंबर को लॉटरी के माध्यम से पात्र 72 लाभार्थियों को आवास आवंटित किए गए। इस मौके पर मंत्री सुरेश खन्ना, डीएम सूर्यपाल गंगवार और एलडीए के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- अखिलेश और केशव, हंसते बतियाते दिखे साथ, एक-दूसरे का पकड़े हाथ, पूरा मामला जान आप कहेंगे- ये कैसी राजनीति है?