क्रिकेटर रिंकू सिंह को यूपी में मिलेगी कुर्सी, ओलंपियन राजकुमार पहनेंगे पुलिस की वर्दी, सीएम योगी देंगे 6 खिलाड़ियों को जॉइनिंग लेटर

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Mar 2026, 01:15 pm
news-banner

लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देंगे। रिंकू सिंह समेत 6 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के जॉइनिंग लेटर और 40 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। लखनऊ में शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में 6 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के जॉइनिंग लेटर सौंपे जाएंगे, जबकि 40 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस पहल को राज्य सरकार की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


रिंकू सिंह और राजकुमार पाल को मिलेगी अहम जिम्मेदारी

इस कार्यक्रम में अलीगढ़ के क्रिकेटर रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी (RSO) पद पर नियुक्ति दी जाएगी। वहीं, गाजीपुर के हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को पुलिस विभाग में डीएसपी बनाया जाएगा। इसके अलावा नोएडा के पैरा एथलीट प्रवीण कुमार, इटावा के भाला फेंक खिलाड़ी अजीत सिंह और गाजियाबाद के धावक सुमिरन को पंचायती राज विभाग में अधिकारी पद दिए जाएंगे। मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी के पद पर नियुक्ति मिलेगी।


ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सम्मान

खेल निदेशक आरपी सिंह के मुताबिक, इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रिंकू सिंह भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं, जबकि राजकुमार पाल ओलंपिक में पदक जीतने वाली हॉकी टीम के सदस्य रहे हैं। पेरिस ओलंपिक में प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक, अजीत सिंह ने भाला फेंक में रजत और सुमिरन ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। वहीं, प्रीतिपाल ने पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया था।


यह भी पढ़ें- IPL से पहले लखनऊ की पूरी टीम पहुंची अयोध्या, मालिक पंत गोयनका समेत सभी खिलाड़ियों ने किए रामलला के दर्शन

advertisement image