Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 01 May 2026, 12:36 pm
राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को श्रमवीर गौरव समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूल किट देकर सम्मानित भी किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रमिक, छात्र और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालयों के छात्रों को मेरिट सूची में स्थान पाने पर बधाई देते हुए कहा कि श्रमिक किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक हर मौसम में मेहनत करता है और उसके पसीने से ही देश की तरक्की संभव होती है। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कोरोना काल में श्रमिकों के साथ खड़ी रही सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना काल के दौरान जब विपक्षी नेता घरों में बैठे थे, तब डबल इंजन सरकार श्रमिकों के साथ मैदान में काम कर रही थी। उन्होंने बताया कि उस समय हजारों बसों के जरिए श्रमिकों को उनके घर पहुंचाने का काम किया गया और उनके रहने-खाने की व्यवस्था भी सरकार ने की। सीएम ने कहा कि आज भी गरीबों और श्रमिकों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले श्रमिकों को उनका मेहनताना समय पर नहीं मिलता था, लेकिन अब सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि काम के बदले पूरा दाम देना होगा। अगर कोई भुगतान में लापरवाही करेगा तो सरकार उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिकों के लिए पांच लाख रुपये तक का बीमा कवर और मुफ्त इलाज की व्यवस्था भी सरकार ने शुरू की है।
श्रमिकों के सम्मान और रोजगार पर सरकार का जोर
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने भी श्रमिकों को संबोधित किया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार श्रमिकों की इज्जत और अधिकारों की पूरी जिम्मेदारी ले रही है। उन्होंने कहा कि अब मजदूरों के साथ पहले जैसी अनदेखी नहीं हो रही है। वहीं केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्रमिकों का सम्मान किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार चाहती है कि मजदूर का बेटा सिर्फ मजदूर न बने, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी भी बने। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से उद्योग लग रहे हैं और अब लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। सरकार श्रमिकों को बेहतर शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
यह भी पढ़ें- काशी में पीएम मोदी ने किया 14 किलोमीटर लंबा रोड शो, कार्यकर्ताओं ने किया रोड शो, प्रधानमंत्री ने किए बाबा के दर्शन