Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 25 Feb 2026, 03:06 pm
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापान दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने टोक्यो में आयोजित ‘यूपी इन्वेस्टमेंट रोडशो’ में हिस्सा लेकर जापानी उद्योगपतियों और निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जितनी चुनौतियों वाला राज्य है, उतनी ही बड़ी संभावनाएं भी यहां मौजूद हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत-जापान संबंधों के मजबूत होने का जिक्र किया और कहा कि यूपी आज देश की अर्थव्यवस्था का इंजन बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीते नौ वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि हुई है।
राम और बुद्ध की धरती से निवेश का संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत भारत-जापान सांस्कृतिक रिश्तों से की। उन्होंने भगवान राम और भगवान बुद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध भूमि है। राम जन्मभूमि से लेकर सारनाथ, श्रावस्ती और कुशीनगर तक बौद्ध सर्किट के विकास पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्पिरिचुअल टूरिज्म के साथ-साथ औद्योगिक विकास को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। यूपी देश का फूड बास्केट बन चुका है और कृषि, फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स व वेयरहाउसिंग में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 25 करोड़ आबादी में 56 प्रतिशत कार्यशील युवा हैं, जो उद्योगों के लिए मजबूत कार्यबल प्रदान करते हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल पॉलिसी पर जोर
योगी ने कहा कि बीते वर्षों में एक्सप्रेस-वे, रेल नेटवर्क और एयर कनेक्टिविटी में तेजी से विस्तार हुआ है। 16 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं, जबकि नोएडा में देश का बड़ा एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाला है। उन्होंने बताया कि 27 इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं और 75 हजार एकड़ का लैंडबैंक उपलब्ध है। झांसी के पास नई इंडस्ट्रियल सिटी ‘बीडा’ पर भी काम जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से बड़ी राशि पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने जापानी कंपनियों से यूपी में सुरक्षित माहौल और बेहतर नीतियों का लाभ उठाने की अपील की।
यह भी पढ़ें- 'वाराणसी कोर्ट में 1 बजे होंगे 15 बम ब्लास्ट', धमकीभरे ईमेल से मचा हड़कंप, दो घंटे चला तलाशी अभियान