बटुक से मारपीट के मामले में सीएम योगी ने पुलिस को लगाई फटकार, कहा- दोबारा शिकायत मिली तो ठीक नहीं होगा, मंदिर में सिपाही ने खींचे थे बाल

Curated By: shivup | Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Mar 2026, 12:43 pm
news-banner

वाराणसी दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर में बटुक से मारपीट मामले पर अधिकारियों को फटकार लगाई। कानून व्यवस्था, त्योहारों की तैयारी, अवैध शराब और कोडिन कफ सिरप के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे, जहां रविवार को सर्किट हाउस में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान हाल ही में काशी विश्वनाथ मंदिर में बटुक के साथ कथित मारपीट के मामले पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर में व्यवस्था ऐसी हो कि किसी को शिकायत का मौका न मिले। प्रशासन और पुलिस को संयम बरतने और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने की सख्त हिदायत दी गई।


बटुक से मारपीट के बाद सख्त रुख

27 फरवरी को रंगभरी एकादशी के दिन मंदिर गेट पर एक बटुक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आया था। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने उसे थप्पड़ मारे और दरोगा ने बाल खींचकर बैरिकेडिंग के पीछे कर दिया। बताया गया कि घंटों लाइन में लगने के बावजूद उसे प्रवेश नहीं मिला, जिससे कहासुनी बढ़ गई। इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। एक महिला पत्रकार और अन्य मीडियाकर्मियों से बदसलूकी की शिकायत भी सामने आई थी। मामले में पुलिसकर्मियों को मंदिर ड्यूटी से हटाकर लाइन हाजिर किया गया और विभागीय जांच शुरू की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।


विकास कार्य, त्योहार और कानून व्यवस्था पर निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर में बनी दुकानों तक पहुंच आसान हो और पूजा सामग्री के दाम नियंत्रित रहें। धार्मिक स्थल कमाई का जरिया नहीं, बल्कि आस्था का केंद्र हैं—इस भावना के साथ व्यवस्था की जाए। साथ ही होली जैसे आगामी त्योहारों को देखते हुए हुड़दंग और अव्यवस्था पर सख्ती बरतने को कहा गया। तेज आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के कार्यों में तेजी लाने, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और अवैध शराब व कोडिन कफ सिरप के कारोबार पर कड़ी नजर रखने को भी कहा गया।


यह भी पढ़ें- पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के कार्यक्रम में हंगामा, UGC मुद्दे पर न बोलने पर ब्राह्मण समाज के लोग नाराज, छोड़ा अधूरा भाषण

advertisement image