Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 19 Dec 2025, 11:39 am
उत्तर प्रदेश में इस समय कोल्ड वेव का असर तेज हो गया है। कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गाजियाबाद, मेरठ, बरेली समेत करीब 40 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। सड़कों पर सुबह से सन्नाटा पसरा रहा, जबकि वाहन रेंगते नजर आए। ओस की बूंदें बारिश की तरह गिर रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ गई है। सर्द हवाओं के कारण लोगों को शिमला-मसूरी जैसा एहसास हो रहा है। बाइक और दोपहिया वाहन चलाने वालों के हाथ सुन्न हो रहे हैं। कोहरे का असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है।
गोरखपुर एयरपोर्ट से 8 और लखनऊ से 14 फ्लाइटें देरी से चलीं। काशी में 9 और लखनऊ में 4 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। रेलवे की बात करें तो कानपुर स्टेशन पर 38 और अयोध्या स्टेशन पर 10 ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से पहुंचीं। हालात को देखते हुए सरकार अलर्ट मोड पर है। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरी कारण घर से बाहर न निकलें। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच सीमित कर दी गई है। बरेली, कानपुर, कासगंज, औरैया और जौनपुर में 20 दिसंबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, कानपुर देहात, आगरा, फर्रुखाबाद और संभल में कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है, जहां कक्षा 12 तक की पढ़ाई सुबह 9 बजे से शुरू हो रही है।
न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक पहुंचा
तापमान की बात करें तो गुरुवार को बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 8 डिग्री तापमान के साथ लखीमपुर खीरी दूसरे स्थान पर रहा।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दृश्यता कई इलाकों में शून्य तक पहुंच सकती है। किसानों का कहना है कि कोहरा गेहूं की फसल के लिए लाभकारी है, लेकिन आलू, दलहन और मटर जैसी फसलों को नुकसान हो रहा है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 20 दिसंबर तक मौसम में खास बदलाव नहीं होगा और अगले तीन दिन कड़ाके की ठंड बनी रहेगी।
आगामी दो दिन कैसा रहेगा मौसम
20 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घना कोहरा रहेगा। दृश्यता 0 से 100 मीटर तक रह सकती है और कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे।
21 दिसंबर को पश्चिमी यूपी में हल्का जबकि पूर्वी यूपी में बेहद घना कोहरा पड़ने की संभावना है। कई इलाकों में दृश्यता शून्य से 100 मीटर तक रह सकती है।
यह भी पढ़ें- आज यूपी का विधानमंडल सत्र, एसआईआर और कफ सिरप पर हंगामा तय, तस्वीरें देख आप कहेंगे- हंगामा नहीं बवाल होगा!