'मोदी का कॉन्फिडेंस खत्म हो गया है, शाह के हाथ कांपते हैं, उन्हें पता है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है', बरसे राहुल गांधी

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 14 Dec 2025, 07:34 pm
news-banner

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व मल्लिकार्जुन खड़ने ने रैली को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी का कॉन्फिंडेंस खत्म हो गया है। शाह के हाथ कांपते हैं। उन्हें पता है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी गई है। आइए खबर में पू

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ ‘वोट छोड़ो, गद्दी छोड़ो’ रैली का आयोजन किया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास पूरी तरह खत्म हो चुका है और अमित शाह के हाथ कांपने लगे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनकी वोट चोरी पकड़ी जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के वोट से नहीं, बल्कि वोट चोरी के सहारे सत्ता में बनी हुई है।


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने देश के प्रतीकों तक को नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार ने वंदेमातरम् तक को अपना बताने की कोशिश की है। खड़गे ने आरोप लगाया कि भाजपा नेहरू और पटेल के बीच झूठी दरार पैदा करने का प्रयास करती है और गांधी, नेहरू तथा डॉ. अंबेडकर की विचारधाराओं पर लगातार हमले कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे लोगों को सत्ता से हटाना जरूरी है।


आज अदालतों पर दबाव है, देश की मीडिया नियंत्रण में है

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने न्यायपालिका, मीडिया और जांच एजेंसियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज अदालतों पर दबाव है और देश की अधिकांश मीडिया अंबानी-अडाणी के नियंत्रण में है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया, जबकि जो लोग भाजपा में शामिल हो गए, उन्हें “वॉशिंग मशीन” के जरिए साफ कर दिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ चुनाव आयुक्त भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और उनके लिए प्रधानमंत्री ने कानून तक बदल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस कानून को बदलेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।


सत्य की जगह शक्ति को महत्व देना लोकतंत्र को खतरा

प्रियंका गांधी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब सत्य की जगह शक्ति को महत्व दिया जाता है, तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि देश में इस समय सत्य और असत्य की लड़ाई चल रही है। गांधीजी के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे धर्म और संस्कृति में सत्य को सर्वोच्च माना गया है, जबकि मौजूदा सरकार सत्ता को ही सब कुछ मान रही है।


बेटे को कुछ भी हो जाए, देश सुरक्षित रहना चाहिए

रैली को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके बेटे का गंभीर ऑपरेशन होना था और परिवार से उन्हें घर आने का संदेश भी मिला, लेकिन उन्होंने देश के लिए इस लड़ाई को प्राथमिकता दी। खड़गे ने कहा कि जब देश के जवान शहीद हो रहे हों और इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा सोनिया गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया हो, तो वह पीछे नहीं हट सकते। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पीछे हटी तो देश को नुकसान होगा, इसलिए यह लड़ाई अंतिम दम तक जारी रहेगी।


यह भी पढ़ें- धनंजय सिंह पर बरसे सपा सांसद, बोले- जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वो मीडिया में आकर खुलेआम धमकी दे रहे

advertisement image