संडे को महिला से लूटी चेन, पुलिस ने सात घंटे में हिसाब-किताब किया बराबर, जानकर आप भी कहेंगे- शानदार

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 02 Dec 2025, 11:51 am
news-banner

यूपी के शामली में पुलिस ने एक बदमाश को वारदात के सात घंटे के भीतर ही ढेर कर दिया है। आरोपी बावरिया गैंग का सरगना था और मोस्ट वांडेट अपराधी था।

शामली में महिला से चेन लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने केवल सात घंटे में मुठभेड़ में ढेर कर दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप के मुताबिक मारा गया बदमाश मिथुन (40) बावरिया गैंग का सरगना और जिले का मोस्ट वांटेड अपराधी था। रविवार शाम करीब 6 बजे कंधाला इलाके में एक महिला की चेन लूट ली गई थी। जिसके बाद पुलिस ने सात घंटे के भीतर ही हिसाब-किताब बराबर कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बदमाश को घेर लिया। यह देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया। 


पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। रात 11 बजे एसओजी प्रभारी कुलदीप को सूचना मिली कि मिथुन झिंझाना थाना क्षेत्र के बेदखेड़ी के जंगल में अपने साथियों के साथ मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मिथुन को घेरकर सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने ऑटोमैटिक कार्बाइन और इटैलियन पिस्टल बरेटा से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मिथुन गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी कुलवीर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस मिथुन को ऊन सीएचसी और फिर जिला अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान सिपाही हरविंदर के हाथ में गोली लगी, जबकि एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में फंस गई। मौके से बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक बरामद हुई है।




बदमाश पर दर्ज थे 25 से अधिक मुकदमे

मिथुन पर 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। वह शामली के अलाऊदीनपुर का रहने वाला था और पश्चिम यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और दक्षिण भारत के कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे चुका था। उसके पास कई फर्जी आईडी और आधार कार्ड मिले। शामली में उस पर 50 हजार और बागपत में एक लाख यानी कुल डेढ़ लाख का इनाम घोषित था। 2019 में उसने गांव के भरत कुमार की हत्या कर दी थी, क्योंकि उसे शक था कि वह उसकी मुखबिरी करता है। उसी वर्ष उसने इतवारी के प्रधान पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद वह फरार हो गया था।


आपराधिक प्रवृत्ति के चलते पत्नी से भी हुआ था विवाद

मिथुन के अपराधी रवैये के चलते उसकी पत्नी से भी विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी पर भी फायरिंग कर दी, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर अलग हो गई और कुछ समय बाद दूसरी शादी कर ली। मुठभेड़ के बाद फरार साथी कुलवीर की तलाश में पुलिस ने रातभर गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग की। कुलवीर भी बागपत समेत कई जिलों में वांटेड है। पुलिस को मौके से शराब की बोतलें भी मिली हैं।


यह भी पढ़ें- यूपी में सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस में लगी आग, कई लोग जिंदा जलकर राख

advertisement image