Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 09 Nov 2025, 11:47 am
झांसी के सीपरी बाजार क्षेत्र के पेलगुवा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बहुओं ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। यहां जमीन के कागजात पर अंगूठा लगाने से इनकार करने पर नाराज देवरानी और जेठानी ने मिलकर अपनी 82 वर्षीय सास की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान बुजुर्ग सास का हाथ टूट गया। घायल अवस्था में कराहती हुई वह सीपरी बाजार थाने पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई। सीओ सिटी को सामने देख वह फफक पड़ीं। उनकी तहरीर पर पुलिस ने दो बहुओं और छोटे बेटे संतलाल यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता मन्नू देवी ने बताया कि उनके पति मुलायम की मौत लगभग 20 साल पहले हो चुकी है। उनके तीन बेटे हैं और सबको चार-चार बीघा जमीन पहले ही उनके हिस्से में दी जा चुकी है। अब उनके पास चार बीघा जमीन बची है, जिसे छोटा बेटा संतराम, उसकी पत्नी कुंती और बड़ी बहू राममूर्ति जबरन अपने नाम करवाना चाहते हैं। मन्नू देवी के मुताबिक ये लोग आए दिन उन्हें मारते-पीटते और डराते हैं, ताकि वह जमीन उनके नाम कर दें।
चार दिन पहले पहुंओं ने की पिटाई, ग्रामीणों ने जान बचाई
घटना 6 नवंबर की है, जब छोटी बहू कुंती ने जमीन अपने नाम कराने के लिए वृद्धा से दस्तावेजों पर अंगूठा लगाने को कहा। वृद्धा ने जब ऐसा करने से मना कर दिया, तो कुंती गुस्से में आ गई और उसने अपनी जेठानी राममूर्ति को बुला लिया। दोनों बहुओं ने मिलकर सास की बेरहमी से पिटाई की। कुंती ने कई थप्पड़ मारे और डंडों से हमला किया, जिससे वृद्धा जमीन पर गिर पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिन्होंने किसी तरह उनकी जान बचाई।
छोटे बेटे ने भी धमकाया, बड़े बेटे ने थाने पहुंचाया, FIR दर्ज
पीड़िता का कहना है कि उनके छोटे बेटे संतलाल ने भी उन्हें धमकाया और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। शुक्रवार को उनका बड़ा बेटा मंगल घर आया, तो वह उसके सहारे थाने पहुंचीं। उसी समय सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम थाने में मौजूद थे। उन्हें देखते ही वृद्धा रोने लगीं और न्याय की गुहार लगाई। सीओ सिटी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की तहरीर के आधार पर दोनों बहुओं और बेटे संतलाल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
यह भी पढ़ें- विश्व हिंदू परिषद जिला इकाई के संगठन मंत्री अरेस्ट, लगे चौंकाने वाले आरोप, मामला जान हर कोई शॉक्ड!