धनंजय सिंह पर FIR के बाद शिकायतकर्ता के घर पहुंचे संदिग्ध, CCTV में कैद, पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Jan 2026, 06:34 pm
news-banner

लखनऊ में पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर FIR दर्ज कराने वाले कौशल किशोर तिवारी के घर 7 संदिग्ध पहुंचे। CCTV में चेहरे कैद हुए। शिकायतकर्ता ने हत्या की साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

यूपी के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर FIR दर्ज कराने वाले कौशल किशोर तिवारी के घर शुक्रवार रात संदिग्ध गतिविधि सामने आई है। स्वस्तिका सिटी निवासी कौशल तिवारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 7 बजे 7 संदिग्ध उनके घर पहुंचे, जिनमें एक महिला और छह पुरुष शामिल थे। सभी लोग भारी-भारी बैग लेकर आए थे। अचानक मुख्य गेट पर तेज आवाज हुई, जिससे ऐसा लगा जैसे किसी ने पत्थर या लात मारी हो। आवाज सुनकर कौशल तिवारी ने सीसीटीवी चेक किया तो घर के बाहर संदिग्ध लोग खड़े दिखे। उन्होंने बाहर निकलकर शोर मचाया, जिस पर बाहर खड़े लोगों में से एक ने “मारो” कहा, लेकिन हमला करने की बजाय सभी वहां से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद कौशल तिवारी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और सुशांत गोल्फ सिटी थाने में लिखित शिकायत दी।


CCTV फुटेज में दिखे चेहरे, साजिश की आशंका
कौशल किशोर तिवारी ने बताया कि 2 जनवरी की रात करीब 10 बजकर 22 मिनट पर एक महिला और छह पुरुष उनके घर के मुख्य गेट तक आए थे, जिनके चेहरे सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहे हैं। जब उन्होंने अंदर से आवाज लगाई तो बाहर खड़े लोग गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में फुटेज देखने पर आशंका और गहरी हो गई कि यह केवल डराने की कोशिश नहीं, बल्कि किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। कौशल तिवारी का कहना है कि संदिग्धों के बैग में जान से मारने से जुड़ी चीजें हो सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि हाल ही में हुए विवाद के बाद विपक्षी लोग, जिनमें ब्लॉक प्रमुख के पति और पूर्व सांसद से जुड़े लोग शामिल हैं, उनकी हत्या करा सकते हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


धनंजय सिंह केस से जुड़ा है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला हाल ही में दर्ज हुए उस केस से जुड़ा है, जिसमें पूर्व सांसद धनंजय सिंह, जौनपुर की मांडवी सिंह के पति विनय सिंह और उनके गनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामला 29 दिसंबर की शाम सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की स्वस्तिका सिटी कॉलोनी का है। आरोप है कि विनय सिंह कॉलोनी की मेन सड़क पर दीवार बनवा रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने धनंजय सिंह को फोन किया और बाद में गनरों के साथ लोगों को धमकाया। पुलिस का कहना है कि अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बढ़ाने की तैयारी में है।


यह भी पढ़ें- रास्ते पर दीवार, राइफल की धमकी और बाहुबली का नाम, लखनऊ में कब्जे का सनसनीखेज खेल

advertisement image