Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 30 Apr 2026, 12:04 pm
मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तिरला बायपास पर चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही कई लोगों की जान चली गई। पहले देर रात तक 12 मौतों की पुष्टि हुई थी, लेकिन गुरुवार सुबह यह संख्या बढ़कर 16 हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से ज्यादा, करीब 40 से 45 मजदूर सवार थे, जो काम खत्म कर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप वाहन काफी तेज गति में था और उसमें जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ गया। जैसे ही वाहन मोड़ पर पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया। कई मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में बच्चों के भी शामिल होने की बात सामने आई है, जिससे घटना और भी दुखद हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। अगर वाहनों में तय क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाने पर सख्ती से रोक लगे और नियमों का पालन कराया जाए, तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी बोलेरो पर पलटा ट्रक, 3 महिलाओं समेत 4 की मौत, 6 घायल