Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 06 Nov 2025, 05:54 pm
यूपी के बरेली से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां बीडीए कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विशाल सक्सेना ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी और उसका प्रेमी मुझे मारना चाहते हैं। वह मुझ पर जानलेवा हमला कर चुके हैं। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई और कहा कि साहब मुझे बचा लो।
दूध में बेहोशी की दवा मिलाकर पिलाया, फिर हथौड़े से हमला
डॉक्टर विशाल ने बताया कि 28 अक्टूबर की रात उनकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी शिखा 57 साल की है और उसका प्रेमी सौरभ 45 साल का है। दोनों मिलकर मुझे मारना चाहते हैं। एक रात पत्नी ने दूध में बेहोशी की दवा मिलाई और पीने के बाद जब मैं सो गया, तो सौरभ हथौड़ा और रस्सी लेकर घर आया। दोनों ने मेरे हाथ-पैर बांध दिए, मुंह पर टेप लगा दिया और हथौड़े से वार किया। हमले के बाद दोनों यह समझकर भाग गए कि मेरी की मौत हो चुकी है।
घटना सीसीटीवी में कैद, मौके से रस्सी-हथौड़ा बरामद
डॉ. विशाल ने बताया कि मैंने किसी तरह खुद को मुक्त किया और दरवाजा खोलकर बाहर निकला। कॉलोनी वालों ने मेरी मदद की और पुलिस को सूचना दी। घटना का वीडियो पड़ोसी के सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसमें मेरी पत्नी और उसका प्रेमी भागते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने मौके से रस्सी और हथौड़ा बरामद किया है। डॉक्टर ने बताया कि दोनों के रिश्ते को लेकर मैंने विरोध किया था, लेकिन बदनामी के डर से पहले एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी। इस बार उन्होंने 30 अक्टूबर को प्रीतमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी वजह से दोनों मुझे मारना चाहते हैं।
डॉक्टर के क्लीनिक में हुई दोनों की जान-पहचान
डॉ. विशाल ने बताया कि उनकी पत्नी का प्रेमी सौरभ साल 2021 में पहली बार उनके क्लिनिक में आंखों की जांच कराने आया था। यहीं से जान-पहचान शुरू हुई और धीरे-धीरे वह घर आने-जाने लगा। पत्नी और सौरभ के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन तब दोनों ने मिलकर उन्हें पीटा भी था। उस समय पुलिस ने मामला दर्ज करने से मना कर दिया था, यह कहते हुए कि परिवार की बदनामी होगी।
घटना के बाद डॉक्टर की पत्नी अपनी बेटी के घर छिपने गई, लेकिन बेटी ने सच्चाई जानने के बाद उसे वहां से निकाल दिया। इसके बाद वह प्रेमी के साथ फरार हो गई। डॉक्टर का बेटा दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जबकि बेटी और दामाद प्रेमनगर में डॉक्टर हैं।
एसपी बोले- आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर पत्नी और उसके प्रेमी सौरभ के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- सीएम को धमकी देकर पुलिस की नींद की हराम, अब रात-रातभर छापेमारी कर रही पुलिस, पूरा मामला जान उड़ जाएंगे होश!