Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 12 Mar 2026, 04:25 pm
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी आधी रात को हंगामा कर रहा था और खुद को आईएएस अधिकारी बताकर आसपास के लोगों को धमका रहा था। पुलिस जांच में उसकी पहचान राहुल कौशिक के रूप में हुई है। बुधवार देर रात फूल बाग कॉलोनी में एक युवक द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम राहुल कौशिक बताया और खुद को 2008 बैच का आईएएस अधिकारी होने का दावा किया, लेकिन पुलिस जांच में उसका यह दावा झूठा निकला।
घर के बाहर लगा रखा था ‘IAS’ का बोर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर मोहल्ले के लोगों पर रौब जमाता था। लोगों को भरोसा दिलाने के लिए उसने अपने घर के बाहर भी ‘IAS’ का बोर्ड लगा रखा था। जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल कौशिक पहले भी गंभीर आरोपों में घिर चुका है। वर्ष 2013 में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने खुद को अधिकारी बताकर कहीं किसी के साथ धोखाधड़ी तो नहीं की।
थानों और अधिकारियों को करता था फोन
एसपी सिटी आयुष विक्रम के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल कौशिक नाम का व्यक्ति खुद को आईएएस अधिकारी बताकर थानों और अन्य अधिकारियों को सीयूजी नंबर पर फोन कर रौब झाड़ता है। इस मामले की जांच सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी को सौंपी गई थी। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने मकान के बाहर ‘डिप्टी सेक्रेटरी’ और ‘जॉइंट सेक्रेटरी’ जैसे पद लिखे बोर्ड भी लगाता था। यह बोर्ड पुलिस ने बरामद कर लिया है।आरोपी के पास से कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान भी मिले हैं। फिलहाल उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- UPSC में 113वीं रैंक का बुलंदशहर की शिखा का दावा निकला फर्जी, हरियाणा की असली शिखा के सामने आने के बाद खुली पोल, यह है पूरा मामला