Curated By:
Shiv Vishwakarma |
Hindi Now Uttar Pradesh • 31 Dec 2025, 10:59 am
हरियाणा के फरीदाबाद में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय महिला को कार में लिफ्ट देकर दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में चलती कार से सड़क पर फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
मां से विवाद के बाद घर से निकली थी महिला
पीड़िता फरीदाबाद की ही रहने वाली है। परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम महिला का घर में मां से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह यह कहकर घर से निकली कि सहेली के घर जा रही है और दो-तीन घंटे में वापस लौट आएगी। देर रात करीब 12 बजे वह दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक वैन वहां रुकी, जिसमें दो युवक सवार थे। आरोप है कि दोनों ने गंतव्य तक छोड़ने का भरोसा देकर महिला को गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वैन को कल्याणपुरी की बजाय गुरुग्राम रोड की ओर मोड़ दिया।
दो घंटे तक कार में घुमाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता के मुताबिक, फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के आगे एक युवक कार चलाता रहा, जबकि दूसरे आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की और विरोध भी किया, लेकिन दोनों आरोपियों ने उसे काबू में कर लिया। आरोप है कि करीब दो घंटे तक आरोपी महिला को कार में घुमाते रहे और इस दौरान बार-बार उसके साथ दरिंदगी की गई। महिला पूरी तरह असहाय हो गई और मदद के लिए चीखती रही, लेकिन सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने की योजना बनाते रहे।
चलती कार से फेंककर आरोपी फरार
रात करीब 3 बजे एसजीएम नगर के राजा चौक स्थित मुल्ला होटल के पास आरोपियों ने महिला को चलती वैन से सड़क पर धक्का दे दिया और मौके से भाग निकले। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसके चेहरे पर टांके लगाए गए हैं। किसी तरह महिला ने अपनी बहन को फोन कर आपबीती बताई। बहन मौके पर पहुंची और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर किया। हालांकि परिजनों ने उसे फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिवार की शिकायत पर कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- क्रिसमस के दिन दोस्तों के साथ निकली थी, अब खून लथपथ मिली लाश, पूरा मामला जान हैरत में पड़ जाएंगे आप!