Curated By:
shivup |
Hindi Now Uttar Pradesh • 23 Feb 2026, 01:12 pm
फतेहपुर जिले में उस समय प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई, जब भाजपा विधायक कृष्णा पासवान खुद निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचीं और फावड़ा उठाकर सड़क की खुदाई शुरू कर दी। मामला धाता विकास खंड के ऐमापुर-रतनपुर मार्ग का है, जहां करीब 4 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क पर लगभग 37 लाख 99 हजार रुपये की लागत आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और कम मोटाई की शिकायत विधायक से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वह 21 फरवरी को मौके पर पहुंचीं और खुद सड़क की परत उखाड़कर गुणवत्ता जांचने लगीं। इस दौरान मौजूद अधिकारियों से भी उन्होंने सख्त लहजे में जवाब मांगा।
500 मीटर निर्माण के बाद ही उठे गुणवत्ता पर सवाल
बताया जा रहा है कि अभी तक इस सड़क का लगभग 500 मीटर हिस्सा ही तैयार हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और परत की मोटाई भी कम है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने फावड़े से सड़क की खुदाई कर मोटाई देखी और मौके पर मौजूद इंजीनियरों से तकनीकी जानकारी ली। उन्होंने पूरी प्रक्रिया का वीडियो और फोटो भी बनवाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गईं। कुछ लोगों ने विधायक की कार्रवाई की सराहना की, तो कुछ ने इसे चुनावी तैयारी से जोड़कर टिप्पणी की।
अधिकारियों को लगाई फटकार, जांच के निर्देश
गुणवत्ता में कमी की आशंका जताते हुए विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि जनता की सुविधा के लिए बनने वाली सड़कों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जेई, एई और एक्सईएन समेत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। साथ ही विभाग को लिखित शिकायत भेजने की बात भी कही। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि अनियमितता साबित हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि शिकायत मिली है और पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना जिले में निर्माण कार्यों की पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने बाहर रोका, सत्यमेव जयते के लगे पोस्टर