'ये बांग्लादेश नहीं, जहां हिंदुओं को टांग दिया जाए, यहां वंदे मातरम् कहना होगा'

Curated By: Shiv Vishwakarma | Hindi Now Uttar Pradesh • 24 Dec 2025, 07:46 pm
news-banner

फतेहपुर के मवई गांव में सड़क किनारे बनी पुरानी मजार को बजरंग दल नेता और समर्थकों ने तोड़ दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 9 लोगों पर केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में धार्मिक स्थल से जुड़ा एक और मामला सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव में मंगलवार को एक पुरानी मजार को तोड़ दिया गया। आरोप है कि बजरंग दल के भिटौरा प्रखंड संयोजक नरेंद्र हिंदू अपने 10 से 15 समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और हथौड़ों से मजार को गिरा दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें नरेंद्र हिंदू मजार पर खड़े होकर भड़काऊ बयान देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह संविधान, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् की बात करते हुए बांग्लादेश का जिक्र भी करता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस हरकत में आ गई।


15 मिनट में ढहा दी गई मजार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को नरेंद्र हिंदू अपने समर्थकों के साथ मवई गांव पहुंचा। सड़क किनारे बनी मजार पर पहले एक युवक ने हथौड़े से वार करना शुरू किया। इसके बाद नरेंद्र हिंदू ने खुद हथौड़ा हाथ में लिया और मजार की ईंटें तोड़ने लगा। करीब 15 मिनट के भीतर पूरी मजार को गिरा दिया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग सहमे रहे और किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं की। मजार तोड़े जाने के साथ ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।


गांव में तनाव, तीन थानों की फोर्स तैनात
वीडियो सामने आने के बाद बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह, एसडीएम सदर और हुसैनगंज थाना प्रभारी मवई गांव पहुंचे। अधिकारियों ने तोड़ी गई मजार का निरीक्षण किया। एहतियातन गांव में तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने आनन-फानन में मुख्य आरोपी नरेंद्र हिंदू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय समर्थकों के साथ मवई थाने पहुंचे और बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किए जाने का विरोध जताया। उन्होंने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही।


ग्रामीणों का दावा- आजादी से पहले की है मजार
गांव के लोगों का कहना है कि यह मजार वली शाह बाबा की है, जो आजादी से पहले से यहां मौजूद थी। ग्रामीणों के अनुसार, वली शाह बाबा पहलवान थे और जहां-जहां कुश्ती जीतते थे, वहां की मिट्टी लाकर इसी स्थान पर रखते थे। उनकी मृत्यु के बाद यहां मजार बना दी गई। गांव के बुजुर्गों का मानना है कि इस मजार की मिट्टी लगाने से बच्चों की कमजोरी और बीमारियां दूर होती थीं। लोगों का आरोप है कि बिना किसी प्रशासनिक आदेश के मजार को तोड़ा गया, जिससे गांव की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।


एसआई की तहरीर पर 9 लोगों पर केस
मामले में एसआई कुंवर प्रखर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नरेंद्र हिंदू, राहुल अग्निहोत्री, गोलू पंडित, कुलदीप मिश्रा, शोभराज और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में मजार तोड़ने और भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया गया है। थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडे ने बताया कि नरेंद्र हिंदू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- मेरठ में बवाल, पुलिसकर्मियों पर हमला, सिपाही को न्यूज कर जो किया, जानकर दंग रह जाएंगे आप

advertisement image