Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 06:59 pm
प्रयागराज में बुधवार तड़के करीब चार बजे एक दो-मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में घर के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया और लगभग पूरा घर आग की लपटों में घिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घटना के समय घर में 15 लोग मौजूद थे। भूतल पर आग लगने वाले हिस्से में सो रहे अजय आनंद, उनकी पत्नी वंदना और बेटी श्रेया गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई, जबकि वंदना और श्रेया की हालत नाजुक बनी हुई है।
राजापुर के गंगानगर की गली नंबर दो में स्थित यह मकान दिवंगत नगर निगम सफाईकर्मी पन्नालाल का था, जिसमें उनकी पत्नी और चारों बेटे अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। आग भूतल पर शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है। कुछ ही मिनटों में आग फैलते ही पूरा मकान धुएं से भर गया, जिससे सभी परिवार अंदर फंस गए। गली से गुजर रहे दो छात्रों ने धुआं देखकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग बाहर निकल आए और बचाव में जुट गए।
लोगों ने किचन की खिड़की और पड़ोसी की छत के सहारे सभी को बाहर निकाला। अजय, उनकी पत्नी, बेटी और छोटे भाई अनूप की चार माह की बेटी अयान को गंभीर हालत में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भेजा गया। वहीं आग में मकान का पूरा सामान, दो बाइक और दो स्कूटी जलकर राख हो गए। संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड को मौके तक पहुंचने में काफी समय लगा।
अजय के भाई विजय आनंद ने बताया कि रात में सभी लोग शादी से लौटकर सो गए थे। सुबह शोर होने पर जागे तो पूरा घर धुएं से भरा था और नीचे लपटें उठ रही थीं। तेज धुएं और आग के कारण अजय का परिवार बाहर नहीं निकल सका। पुलिस और फायर टीम ने काफी कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया। DCP सिटी मनीष सांडिल्य के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और मृतक के शव को पोस्टmortem के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- आपस में टकराईं चार गाड़ियां, तीन की जिंदगी ले डूबा हादसा, पूरा मामला जान माथा पकड़ लेंगे आप!