Curated By:
editor1 |
Hindi Now Uttar Pradesh • 03 Dec 2025, 05:29 pm
सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित जैन कॉलेज में शुक्रवार को कॉलेज टाइम के दौरान अचानक फायरिंग से हड़कंप मच गया। एक युवक कैंपस में घुसते ही ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगा, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनते ही छात्र-छात्राएं क्लासरूम से बाहर भागने लगे और कुछ ही मिनटों में कैंपस चीख-पुकार मच गई। चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी ने करीब दो राउंड फायर किए और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कॉलेज की घेराबंदी कर जांच शुरू की। आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से कड़े सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।
महिलाओं से मारपीट के तीन आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
जालौन में शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उरई कोतवाली क्षेत्र के राठ रोड स्थित विजय विक्रम पैलेस में तीन दिन पहले गेस्ट हाउस में हुई इस घटना में आरोपियों ने महिलाओं और बुजुर्गों से मारपीट की थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस चौकी मंडी से तीनों आरोपी लंगड़ाते हुए बाहर निकले, जिन्हें पुलिस की ओर से प्राथमिक उपचार भी मिला। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे प्रकरण की जांच तेज कर दी गई है।
पीपीजीसीएल बारा पावर प्लांट में हादसा, दो कर्मचारी घायल
प्रयागराज के पीपीजीसीएल बारा पावर प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार प्लांट में कार्यरत पावरमेक कंपनी के सीएचपी इलेक्ट्रिकल सेक्शन में अचानक हुए हादसे में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मनीष पांडेय, निवासी गढ़ी त्योंथर, और निखिल शुक्ला, निवासी कर्मा करछना, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निखिल शुक्ला की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना का वीडियो और सूचना सोशल मीडिया पर सामने आई है।
यह भी पढ़ें- 'यूपी में माफियाओं को महंगी गाड़ियां गिफ्ट की जा रहीं', सपा सांसद बोले- मेरे पास पूरी कुंडली